Gujarat में भारी बारिश से जनजीवन बेहाल, IMD ने शनिवार के लिए जारी किया अलर्ट

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

गुजरात के कई इलाकों में शुक्रवार को मूसलाधार बारिश के चलते अहमदाबाद समेत कई जिलों की सड़कें और अंडरपास जलमग्न हो गए। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया है।

गुजरात के कई हिस्सों में शुक्रवार भारी बारिश हुई जिससे अहमदाबाद में सड़कें और भूमिगत मार्ग जलमग्न हो गए सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को भी राज्य में भारी बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी द्वारा शाम छह बजे जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया, उत्तर गुजरात के साबरकांठा जिले और सौराष्ट्र के मोरबी जिले में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा हुई।

विज्ञप्ति के अनुसार, उत्तर गुजरात के अरावली, बनासकांठा, पाटन, मेहसाणा और गांधीनगर जिलों तथा सौराष्ट्र के मोरबी और देवभूमि द्वारका जिलों में भी कई स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे के बीच अरावली के मेघरज तालुका में सबसे अधिक 78 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि अहमदाबाद शहर में 73 मिमी बारिश हुई। इस दौरान साबरकांठा के तलोद में 64 मिमी., जबकि नर्मदा के डेडियापाड़ा और अरावली के मोडासा में 60 मिमी. बारिश दर्ज की गई।

अहमदाबाद शहर में 200 से अधिक स्थानों पर पानी भर गया, जिसके बाद अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) को कई इलाकों से पानी निकालने के लिए पंप लगाने पड़े। अहमदाबाद के महापौर हितेश बारोट ने पीटीआई-को बताया, शुक्रवार सुबह जलभराव की 200 से अधिक शिकायतें मिलीं। नगर निगम के कर्मचारी पानी निकालने के लिए मौकों पर पहुंचे।

शाम सात बजे तक सभी जलमग्न सड़कों और अंडरपास से पानी निकाल दिया गया। सोशल मीडिया पर सामने आए दृश्यों में अरावली जिले में सड़कें और खेत जलमग्न नजर आ रहे हैं। आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है, शनिवार से रविवार सुबह 8:30 बजे तक उत्तर गुजरात क्षेत्र के पंचमहल, दाहोद और महिसागर; दक्षिण गुजरात क्षेत्र के सभी जिलों यानी वडोदरा, छोटा उदेपुर, नर्मदा, भरूच, सूरत, तापी, डांग, नवसारी, वलसाड और दमन, दादरा एवं नगर हवेली में अलग-अलग स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, आकाशीय बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़