Himachal Pradesh के 4 जिलों में Yellow Alert जारी, बंद हुईं 128 सड़कें

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों में शनिवार के लिए मध्यम बारिश की चेतावनी देते हुए 27 अगस्त तक मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक बारिश के कारण 128 सड़कें बंद हैं और 52 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। मानसून सीजन के दौरान अब तक राज्य में बारिश से संबंधित घटनाओं में 88 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।
हिमाचल प्रदेश के चार जिलों में शनिवार को मध्यम बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया। स्थानीय मौसम विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। विभाग ने राज्य में 27 अगस्त तक बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है।
‘येलो अलर्ट’ बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों के लिए जारी किया गया। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, शुक्रवार सुबह तक राज्य में 128 सड़कों पर यातायात बंद रहा। इसके अलावा 18 ट्रांसफॉर्मर और पेयजल आपूर्ति की 52 योजनाएं भी प्रभावित हुईं।
मंडी में सबसे अधिक 52 सड़कें यातायात के लिए बंद रहीं जबकि कुल्लू में 43, चंबा में नौ, कांगड़ा व सिरमौर में छह-छह, शिमला और ऊना में पांच-पांच तथा लाहौल-स्पीति में दो सड़कें बंद रहीं। राज्य के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार शाम से हल्की बारिश हुई। नाहन में सबसे अधिक 13.8 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई जबकि पांवटा में 12 मिमी, ओलिंडा में 9.6 मिमी, बग्गी में 6.8 मिमी, धौलाकुआं में 5.5 मिमी और रायपुर मैदान में पांच मिमी बारिश दर्ज की गई।
राज्य में एक से 21 अगस्त के बीच 168.2 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 193.4 मिलीमीटर होती है। इस तरह राज्य में बारिश में 13 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि 30 जून को मानसून की शुरुआत के बाद से बारिश से जुड़ी घटनाओं में 88 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
राज्य को बारिश से संबंधित घटनाओं में अब तक करीब 1,108 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
अन्य न्यूज़














