Himanta Biswa Sarma ने Nirmala Sitharaman से की मुलाकात, असम बाढ़ राहत पर हुई चर्चा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने केंद्रीय मंत्रियों निर्मला सीतारमण और प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर राज्य से जुड़े अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। वित्त मंत्री के साथ बैठक में उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के पुनर्वास और राहत कार्यों की रूपरेखा साझा की। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री जोशी के साथ शिक्षा, नागरिक आपूर्ति और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की प्राथमिकताओं पर बात हुई।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को राजधानी में केंद्रीय मंत्रियों निर्मला सीतारमण और प्रह्लाद जोशी से मुलाकात की और राज्य से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की। शर्मा ने सीतारमण को बाढ़ की स्थिति पर राज्य सरकार की कार्रवाई और प्रभावित लोगों के पुनर्वास की योजना के बारे में भी जानकारी दी। मुख्यमंत्री शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘माननीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मिलकर हमेशा खुशी होती है, जो लगातार असम के हितों और आंकाक्षाओं की प्रबल समर्थक रही हैं।’’ शर्मा ने कहा, ‘‘हमेशा की तरह, उन्होंने हमारी चिंताओं को बहुत ध्यान और संवेदनशीलता से सुना।

मैं उनके सकारात्मक रुख और इस भरोसे के लिए बहुत आभारी हूं कि भारत सरकार असम के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी, क्योंकि हम बाढ़ से प्रभावित हर परिवार की जिंदगी को फिर से पटरी पर लाने के लिए कार्य कर रहे हैं।’’ मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने शिक्षा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री जोशी के साथ भी ‘‘बेहद सार्थक बैठक’’ की। शर्मा ने कहा, ‘‘हमने शिक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में असम के लिए अहम प्राथमिकताओं पर चर्चा की। असम के प्रति सकारात्मक नजरिए और लगातार सहयोग के लिए जोशी जी का आभार।

All the updates here:

अन्य न्यूज़