Hyderabad के Gachibowli में बहुमंजिला इमारत गिरी, 2 लोगों की मौत और दो घायल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के गचीबोवली स्थित अंजया नगर में शनिवार दोपहर एक निर्माणाधीन इमारत गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई। इमारत का मलबा पास के मकान पर गिरने से दो अन्य लोग जख्मी हुए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से आसपास के ब्लॉक खाली करा लिए हैं और ठेकेदार व जमीन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

हैदराबाद के गचीबोवली इलाके में शनिवार को एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत के ढह जाने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और दो घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। तेलंगाना अग्निशमन विभाग ने बताया कि ये घटना अपराह्न करीब एक बजे गचीबोवली के अंजया नगर में हुई।

बचाव अभियान में शामिल एक दमकल अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि ढही हुई इमारत का मलबा हटाने के दौरान दो शव बरामद किए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि हादसे के दौरान मलबा पास की एक इमारत पर गिरने से उसमें मौजूद दो लोग घायल हो गये, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरी हुई इमारत का असर पास की एक और इमारत पर भी पड़ा, इसलिए अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने प्रभावित ब्लॉक के निवासियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जगह खाली करने को कहा।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश के रहने वाले ये दोनों मृतक टाइल लगाने का काम करने वाले मजदूर थे। पुलिस ने बताया कि जमीन के मालिक और बिल्डिंग ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़