कल्याण सिंह के स्वास्थ में हल्का सुधार, बेहतर इलाज के लिए पीएम मोदी ने योगी से की बात

Kalyan Singh
अंकित सिंह । Jul 6 2021 2:41PM

डॉक्टरों के ताजा बयान के मुताबिक उनकी हालत में हल्का सुधार हुआ है। वह वरिष्ठ चिकित्सकों की देखरेख में हैं। सभी प्रारंभिक जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार ही उनके स्थिति का प्रबंधन भी किया जाएगा। हालांकि बड़ी बात यह है कि पहले की तुलना में उनकी स्थिति में लगातार सुधार जारी है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह की तबीयत खराब है। पहले उन्हें लखनऊ के डॉक्टर राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के ताजा बयान के मुताबिक उनकी हालत में हल्का सुधार हुआ है। वह वरिष्ठ चिकित्सकों की देखरेख में हैं। सभी प्रारंभिक जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार ही उनके स्थिति का प्रबंधन भी किया जाएगा। हालांकि बड़ी बात यह है कि पहले की तुलना में उनकी स्थिति में लगातार सुधार जारी है।

इन सबके बीच बड़ी खबर यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फोन कर यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि कल्याण सिंह को अच्छी चिकित्सा देखभाल उपलब्ध कराई जाए। यह जानकारी सूत्रों की ओर से दी गई। इसके अलावा यह भी कहा जा रहा है कि पीएम मोदी ने कल्याण सिंह के बेटे राजवीर को भी उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के लिए फोन किया था। अमित शाह के भी ओर से कल्याण सिंह के परिवार को फोन किया गया था और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली गई थी। रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने दिन में डॉक्टर राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान पहुंचकर कल्‍याण सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की थी। 

इसे भी पढ़ें: केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल अपने राजनीतिक एजेंडे के लिए कर रही है भाजपा: गहलोत

आपको बता दें कि कल्याण सिंह को पिछले 21 जून को डॉक्टर राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में अनियंत्रित ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर आदि की शिकायत के साथ भर्ती किया गया था। कल्याण सिंह भाजपा के तेज तर्रार नेताओं में से एक रहे हैं। 1991 में पहली बार वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वह 1997 से 1999 तक फिर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। बाबरी मस्जिद मामले में वह सीबीआई जांच का सामना कर चुके हैं। 2014 से 2019 तक वह राजस्थान के राज्यपाल रहे हैं। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़