भारतीय नागरिक नहीं हैं, प्रदर्शनों से दूर रहें, Imran Khan पर बरसे Chirag Paswan

Chirag Paswan
ANI
एकता । Oct 18 2026 5:48PM

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अभिनेता इमरान खान के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की निंदा करते हुए कहा कि एक विदेशी नागरिक को भारत के मामलों में दखल नहीं देना चाहिए। उन्होंने इसे देश में अराजकता फैलाने की चिंताजनक कोशिश बताया। मुंबई में हुए प्रदर्शन के बाद ओसीआई कार्ड धारक इमरान को लीव इंडिया का नोटिस मिला है।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रविवार को बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि इमरान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं और उन्हें 'एसआईआर' के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों से दूर रहना चाहिए था।

चिराग पासवान ने इन प्रदर्शनों को विदेशी ताकतों के समर्थन से देश में अराजकता फैलाने की कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि विदेशी नागरिकों का भारत में होने वाले विरोध प्रदर्शनों में शामिल होना चिंता की बात है।

इमरान खान का काम पसंद है, लेकिन...

हाजीपुर से सांसद और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि वह बतौर कलाकार इमरान खान के काम को पसंद करते हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि इमरान को यह समझना चाहिए था कि लंबे समय तक भारत में काम करने से कोई व्यक्ति भारतीय नागरिक नहीं बन जाता। उन्होंने कहा, "अगर देश के नागरिक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेते हैं, तो मैं उसका सम्मान करता हूं। लेकिन जब कोई विदेशी नागरिक ऐसा करता है, तो यह बेहद चिंताजनक है।"

चिराग पासवान ने आगे कहा, "केंद्र सरकार का हिस्सा होने के नाते, विदेशी ताकतों के समर्थन से देश में अराजकता फैलाने की ऐसी कोशिशों को लेकर मैं चिंतित हूं। आप विदेशी नागरिक हैं और आप भारत के मामलों में दखल नहीं दे सकते।"

इसे भी पढ़ें: वोट चोरी का हिसाब होगा, कीमत चुकानी पड़ेगी... गोवा में गरजे Rahul Gandhi, बीजेपी पर साधा निशाना

ओसीआई कार्ड धारक हैं इमरान खान

इमरान खान का जन्म अमेरिका में हुआ था और उनके पास अमेरिकी नागरिकता है। वह अभिनेता आमिर खान के भांजे हैं। हालांकि, उनका पालन-पोषण भारत में ही हुआ है।

इमरान खान 'ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया' (ओसीआई) कार्ड धारक हैं। उन्हें मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में शामिल होने के बाद 'लीव इंडिया' का नोटिस जारी किया गया है। उन पर फॉरेनर्स एक्ट के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़