Indore में सब्जी मंडी हटाने पर बवाल, नेता प्रतिपक्ष Sonila Mimrot ने सरकारी कर्मी को जड़ा थप्पड़

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

इंदौर में फूटी कोठी चौराहे की सब्जी मंडी को स्थानांतरित करने के विरोध के दौरान नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने एक सरकारी कर्मचारी पर हाथ उठा दिया। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में कांग्रेस नेता और छह अन्य प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। हंगामे के दौरान भीड़ से किसी अज्ञात व्यक्ति ने कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया को भी लात मार दी।

इंदौर में बुधवार को एक सब्जी मंडी हटाए जाने के विरोध के दौरान नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने एक सरकारी कर्मचारी को थप्पड़ सरेआम जड़ दिया जिसके बाद उन्हें और छह अन्य प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोनिला मिमरोट शहर के फूटी कोठी चौराहे की सब्जी मंडी को स्थानांतरित किए जाने का विरोध करने पहुंची थी और कांग्रेस नेता ने बहस के बाद एक सरकारी कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दिशेष अग्रवाल ने कहा कि मिमरोट ने, सामाजिक कार्यकर्ता प्रहलाद पांडे और अन्य लोगों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सात आरोपियों को हिरासत में लिया और उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबद्ध धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

चश्मदीदों के मुताबिक, हंगामे के दौरान पुलिस कर्मी जब कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया को हिरासत में लेने के बाद उन्हें उनके दोनों हाथों और दोनों पैरों से पकड़कर पुलिस वाहन में ले जा रहे थे, तब तमाशबीनों की भीड़ में खड़े एक व्यक्ति ने पार्षद को अचानक लात मार दी। इस बारे में पूछे जाने पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अग्रवाल ने कहा, ‘‘अगर हमें घटना का वीडियो मुहैया कराया जाता है, तो जांच के बाद उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़