Indore में आरई-2 सड़क से अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव, 8 गिरफ्तार

Indore में आरई-2 सड़क से अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव, 8 गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मध्य प्रदेश के इंदौर में पिपल्याहाना क्षेत्र स्थित आरई-2 सड़क पर अवैध निर्माण हटाने गई नगर निगम व पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने पीछे से पथराव कर दिया। पुलिस ने तुरंत स्थिति संभालते हुए मौके से आठ आरोपियों को हिरासत में लिया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह के अनुसार इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ है और वीडियो फुटेज से अन्य आरोपियों की पहचान जारी है।

इंदौर (मध्यप्रदेश), छह अक्टूबर इंदौर में मंगलवार को एक सड़क से अवैध निर्माण हटाए जाने के दौरान अतिक्रमणकारियों ने सरकारी अमले पर पथराव कर दिया और इस घटना के आठ आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह ने बताया कि यह घटना पिपल्याहाना क्षेत्र में ‘आरई-2’ सड़क से अवैध निर्माण हटाए जाने के दौरान हुई।

उन्होंने बताया कि सड़क से करीब 80 मकानों के अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न हो गई थी। सिंह ने बताया,‘‘कार्रवाई के अंतिम दौर के दौरान कुछ महिलाएं और युवक एकत्रित हुए। उन्होंने सरकारी अमले पर पीछे से पत्थर फेंके।

पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और मौके से लोगों को खदेड़ा।’’ अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मौके से आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और घटना के वीडियो फुटेज देखकर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि पथराव में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़