Flydubai पायलट Smit Machhar के सम्मान में मुंबई में लगा होर्डिंग, इजराइल ने बताया नायक

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

इजराइल के मुंबई स्थित महावाणिज्य दूतावास ने 174 यात्रियों की जान बचाने वाले पायलट स्मित मच्छार के सम्मान में शहर में एक बड़ा होर्डिंग लगाया है। महावाणिज्य दूत यानिव रेवाच ने उन्हें भारत का नया नायक बताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान एफजेड1073 में सह-पायलट की विमान दुर्घटनाग्रस्त करने की साजिश को कैप्टन ने विफल कर दिया था।

मुंबई, तीन अक्टूबर मुंबई स्थित इजराइल के महावाणिज्य दूतावास ने इजराइल जाने वाले एक विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की सह-पायलट की साजिश को नाकाम करने वाले ‘फ्लाईदुबई’ के पायलट स्मित मच्छार के सम्मान में शुक्रवार को शहर में एक होर्डिंग प्रदर्शित किया। मुंबई में इजराइल के महावाणिज्य दूत यानिव रेवाच ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कैप्टन स्मित मच्छार भारत के नए नायक हैं और इजराइल उनका नाम कभी नहीं भूलेगा। धन्यवाद, कैप्टन स्मित!

आप जल्द स्वस्थ हों। इजराइल आपके इस्तकबाल का इंतजार कर रहा है।’’ उन्होंने होर्डिंग की एक तस्वीर भी साझा की, जिस पर लिखा था, ‘‘लोगों की जान बचाने के लिए धन्यवाद कैप्टन स्मित। हम आपके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’’ दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान एफजेड1073 ने बुधवार को आपात संकेत भेजे थे।

इसके बाद विमान 34,000 फुट की ऊंचाई से तेजी से 17,000 फुट से अधिक नीचे आ गया। बाद में, उसे सऊदी अरब के तबूक शहर स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देल अजीज हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया। विमान में 27 बच्चों समेत 174 यात्री सवार थे।

सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो में पायलट खून से लथपथ, ऑक्सीजन मास्क पहने और विमान की ‘गैली’ में पीठ के बल लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़