Jagtar Singh Hawara ने वीडियो जारी कर Qaumi Insaaf Morcha के मार्च में शांति की अपील की

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहे जगतार सिंह हवारा का जेल से एक वीडियो संदेश सामने आया है। इसमें उसने सिख समुदाय और युवाओं से कौमी इंसाफ मोर्चा के प्रस्तावित मार्च को सुचारू और शांतिपूर्ण बनाने का आग्रह किया है। चंडीगढ़ और मोहाली में जनवरी 2023 से प्रदर्शन कर रहा यह मोर्चा बंदी सिंहों की रिहाई की मांग कर रहा है।

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे जगतार सिंह हवारा का शुक्रवार शाम एक वीडियो सामने आया, जिसमें उसने सिख समुदाय से कौमी इंसाफ मोर्चा द्वारा निकाले जाने वाले मार्च को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की अपील की है। कौमी इंसाफ मोर्चा ‘बंदी सिंहों’ (सिख कैदियों) की रिहाई की मांग कर रहा है। मोर्चे का दावा है कि कई सिख कैदी अपनी सजा पूरी करने के बावजूद अलग-अलग जेलों में बंद हैं।

मोर्चा ने मोहाली के वाईपीएस चौक से पंजाब के राज्यपाल आवास तक मार्च निकालने की योजना बनाई है। कथित वीडियो में हवारा ने सिख समुदाय के लोगों से अपील की कि वे मार्च में बाधा डालने और माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों से सतर्क रहें। दिल्ली की जेल में बंद हवारा ने वीडियो में कहा, ‘‘मैं विशेष रूप से सिख युवाओं से अपील करता हूं कि वे मोर्चे के स्वयंसेवक के रूप में काम करें और यह सुनिश्चित करें कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न हो।’’ हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दिल्ली की उच्च सुरक्षा वाली तिहाड़ जेल में बंद कैदी ने जेल के अंदर से वीडियो कैसे रिकॉर्ड किया और उसे कैसे जारी किया।

प्रदर्शनकारी वर्ष 2015 में फरीदकोट में हुई बेअदबी और पुलिस गोलीबारी की घटनाओं में न्याय की भी मांग कर रहे हैं। कौमी इंसाफ मोर्चा 7 जनवरी, 2023 से चंडीगढ़ के सेक्टर-52 और सेक्टर-53 तथा मोहाली के वाईपीएस चौक पर धरना दे रहा है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़