JPSC और JSSC परीक्षा गड़बड़ी के विरोध में विधानसभा के बाहर एक दिवसीय अनशन पर बैठे Jairam Mahto

Jairam Mahto
ANI
एकता । Aug 9 2026 12:23PM

जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ रांची में छात्रों के आंदोलन के समर्थन में विधायक जयराम महतो विधानसभा के बाहर एक दिवसीय अनशन पर बैठ गए हैं। उन्होंने परीक्षाओं में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए इस मामले की सीबीआई जांच कराने और मुख्यमंत्री से सीधे छात्रों से बात करने की मांग की है।

JPSC और JSSC समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ी के खिलाफ छात्र पिछले 16 दिनों से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक सरकार की तरफ से उनकी मांगें नहीं मानी गई हैं। इसी के विरोध में डुमरी से विधायक जयराम महतो विधानसभा परिसर के बाहर एक दिन के अनशन पर बैठ गए हैं। इस दौरान वह पानी भी नहीं पिएंगे। उन्होंने समाज के हर वर्ग से छात्रों के समर्थन में अनशन करने की अपील की है।

परीक्षाओं में धांधली के गंभीर आरोप
जयराम महतो ने कहा कि झारखंड की प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार धांधली के मामले सामने आ रहे हैं। इसमें सीटें बेचना, घर पर आंसर शीट लिखना और ओएमआर शीट खाली छोड़कर बाद में भरना जैसी बड़ी गड़बड़ियां शामिल हैं। उन्होंने मजदूर, वकील, व्यापारी और किसान संगठनों से भी कुछ समय निकालकर छात्रों के समर्थन में आगे आने और अनशन करने की अपील की है।

इसे भी पढ़ें: JPSC-JSSC विवाद पर छात्रों का अल्टीमेटम, मांगें नहीं मानीं तो 10 अगस्त को करेंगे विधानसभा घेराव

सीबीआई जांच की मांग की
जयराम महतो ने कहा कि सरकार को अच्छी तरह पता है कि इस धांधली के पीछे कौन लोग हैं। लाखों में सीटें बेची जा रही हैं और कोई छोटा अधिकारी अकेले इतना बड़ा काम नहीं कर सकता। इसमें बड़े और ताकतवर लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अनशन के जरिए वह सरकार पर थोड़ा दबाव बनाना चाहते हैं। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने और मुख्यमंत्री से सीधे छात्रों से बात करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने छात्रों के 'विधानसभा घेराव' के फैसले को अपना पूरा समर्थन दिया है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़