जम्मू-कश्मीर के डोडा और किश्तवाड़ में खराब मौसम के कारण स्कूल बंद, ऑनलाइन कक्षाएं जारी रखने का निर्देश

Jammu Kashmir
AI Image

जम्मू-कश्मीर के डोडा और किश्तवाड़ जिले के अधिकतर हिस्सों में खराब मौसम और भारी बारिश के चलते 29 जुलाई को सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। प्रशासन ने छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया है। हालांकि, इस दौरान दोनों जिलों के स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाएं जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जम्मू, 29 जुलाई जम्मू-कश्मीर के डोडा और किश्तवाड़ जिले के अधिकतर हिस्सों में बुधवार को खराब मौसम के कारण स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि हालांकि, दोनों जिलों के स्कूलों को ऑनलाइन कक्षाएं जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

डोडा के जिला विकास आयुक्त के निर्देश पर मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ),ने छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियाती कदम के तौर पर 29 जुलाई को जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया। पड़ोसी किश्तवाड़ जिले में भी जिला प्रशासन ने लगातार हो रही भारी बारिश, फिसलन भरी सड़कों और पत्थर गिरने की आशंका के कारण सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। डोडा, किश्तवाड़ और रामबन सहित चेनाब घाटी के इलाकों में सुबह करीब पांच बजे से मध्यम से भारी बारिश शुरू हुई।

इस बीच, जम्मू-कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला और हर मौसम में खुला रहने वाला एकमात्र मार्ग जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग, लगातार बारिश के बावजूद यातायात के लिए खुला रहा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़