Jammu-Srinagar Highway पर वाहनों की आवाजाही बंद, उधमपुर और बनिहाल के बीच काम शुरू

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को सड़क चौड़ीकरण और मलबा हटाने के कार्यों को सुगम बनाने के लिए शुक्रवार को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार एनएचएआई के अनुरोध पर उधमपुर के जखैनी और बनिहाल स्थित नवयुग सुरंग के बीच यातायात निलंबित किया गया है। अमरनाथ गुफा के लिए तीर्थयात्रियों का जत्था रवाना होने के बाद यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया गया।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को शुक्रवार को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, (250 किलोमीटर लंबा) यह राजमार्ग कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला एकमात्र बारहमासी मार्ग है।
इसे उधमपुर और बनिहाल के बीच संवेदनशील स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण करने और मलबे को हटाने के कार्यों को सुगम बनाने के लिए बंद किया गया है। उन्होंने बताया कि दक्षिण कश्मीर स्थित अमरनाथ गुफा के लिए जम्मू आधार शिविर से बृहस्पतिवार देर रात दो बजकर 42 मिनट पर करीब 1,600 तीर्थयात्रियों का जत्था रवाना होने के बाद यह निर्णय लिया गया। यातायात पुलिस द्वारा परामर्श में कहा गया है कि राजमार्ग पर यातायात स्थगित रहने के कारण उधमपुर के जखैनी और रामबन जिले में बनिहाल स्थित नवयुग सुरंग के बीच सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही निलंबित रहेगी, ताकि जखैनी और बनिहाल के बीच बहाली का काम किया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अनुरोध के बाद यह कदम उठाया गया है। उधमपुर और रामबन के जिलाधिकारियों ने इस मार्ग को इस्तेमाल करने वाले यात्रियों और चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन कार्यों की अनुमति देने के लिए अलग-अलग आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि काम के तहत लाधा और समरोली में पहाड़ी की ओर सड़क को चौड़ा किया जाएगा तथा राजमार्ग के उधमपुर-बनिहाल खंड पर गांगरू और किश्तवाड़ी पाथेर के पास मलबे को हटाया जाएगा।
यातायात पुलिस के एक परामर्श के मुताबिक, “जम्मू में नगरोटा से आगे श्रीनगर, डोडा, किश्तवाड़, रामबन, पटनीटॉप आदि की ओर और इसके विपरीत दिशा में तथा काजीगुंड से आगे रामबन, उधमपुर और जम्मू की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।” हालांकि, कटरा, रियासी और उधमपुर कस्बों की और जाने वाले यात्रियों को नगरोटा से सुगम आवाजाही के लिए अपना फोटो पहचान पत्र साथ रखने की सलाह दी गई है।
अन्य न्यूज़















