Jan Suraaj Party ने बदला प्रत्याशी, Tirhut शिक्षक सीट से श्याम नंदन यादव लड़ेंगे MLC चुनाव

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाली पार्टी ने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भूषण झा की जगह श्याम नंदन यादव को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी नेताओं के अनुसार मुजफ्फरपुर निवासी यादव शुक्रवार को ही दल में शामिल हुए थे। पूर्व घोषित प्रत्याशी भूषण झा अब इस सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे।

जन सुराज पार्टी ने शनिवार को बिहार विधान परिषद के आगामी चुनावों में तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए भूषण झा की जगह अब श्याम नंदन यादव को अपना उम्मीदवार घोषित किया। झा अब निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ेंगे। उम्मीदवारी में बदलाव की घोषणा के लिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन में, प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाली पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ ने बताया कि मुजफ्फरपुर जिले के रहने वाले यादव शुक्रवार को ही पार्टी में शामिल हुए हैं।

जन सुराज पार्टी (जेएसपी) के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने पत्रकारों को बताया कि यादव की पृष्ठभूमि सैनिक परिवार की है और उनके एक भाई ने 1999 के कारगिल युद्ध में शहादत दी थी। उन्होंने कहा, “यादव शिक्षकों के बीच भी बहुत लोकप्रिय हैं। वे शिक्षण पेशे से जुड़े हैं और बिहार में शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेजों के संघ के प्रदेश सचिव हैं।” यह पूछे जाने पर कि भूषण झा यह दावा क्यों कर रहे हैं कि उन्हें अपने मन की बात कहने की अनुमति नहीं दी गई जिसके कारण उन्होंने टिकट “वापस” कर दिया है और वह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे, जेएसपी के वरिष्ठ नेता रामबली चंद्रवंशी ने कहा, “हमारे सभी उम्मीदवारों का चयन पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाता है।

यदि नकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती है तो उम्मीदवार को बदलने की गुंजाइश है।” भूषण झा की उम्मीदवारी की घोषणा दो दिन पहले ही की गई थी। उन्होंने कहा, “झा ने स्नातकोत्तर की डिग्री भी नहीं ली है, फिर भी वे खुद को शिक्षक बताते हैं। उन्होंने सिर्फ बी.कॉम किया है।

इसके अलावा, टिकट मिलने के बाद वे मुजफ्फरपुर में पार्टी की एक बैठक में शामिल हुए, जहां उनकी कुछ बातों पर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई। इसलिए यह फैसला किया गया कि उम्मीदवार को बदल दिया जाए।” बिहार विधानसभा के उच्च सदन की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को चुनाव होने हैं। स्नातक कोटे की चार और शिक्षक कोटे की चार सीटों का कार्यकाल 16 नवंबर को खत्म हो रहा है।

जन सुराज पार्टी सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़