JD(U) एमएलसी Neeraj Kumar की अचानक तबीयत खराब, पटना के अस्पताल में भर्ती

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार को बेचैनी की शिकायत के बाद सोमवार देर रात पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हृदय रोग से पीड़ित 59 वर्षीय नीरज कुमार इस सप्ताह होने वाले विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक सीट से प्रत्याशी हैं। इस सीट पर उन्हें पार्टी के बागी विधायक अनंत सिंह के कड़े विरोध का भी सामना करना पड़ रहा है।

बिहार विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव से कुछ दिन पहले जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) के विधान पार्षद नीरज कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पार्टी सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, 59-वर्षीय नीरज कुमार को सोमवार देर रात बेचैनी की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें पटना स्थित मेदांता अस्पताल ले जाया गया।

उनकी हालत स्थिर बताई गई है। नीरज कुमार हृदय रोग से पीड़ित हैं। पूर्व मंत्री नीरज कुमार पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार चौथी बार विधान परिषद पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।

इस सप्ताह शुक्रवार को विधान परिषद के आठ निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव होने हैं। जद(यू) प्रमुख एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुराने वफादार माने जाने वाले नीरज कुमार को इस बार कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। मोकामा के विधायक अनंत कुमार सिंह की खुली बगावत ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

जद(यू) विधायक होने के बावजूद अनंत सिंह ने जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया है। सिंह ने आरोप लगाया है कि नीरज कुमार ने पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में उनके (सिंह के) खिलाफ काम किया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़