Jharkhand में प्रदर्शनकारी छात्र Hemant Soren का पुतला जलाएंगे, 20 अगस्त को करेंगे सीएम आवास का घेराव

Jharkhand Student
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों ने राज्य के सभी 24 जिलों में मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले जलाने का ऐलान किया है। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच के बैनर तले जारी विरोध प्रदर्शन के 23वें दिन आंदोलनकारियों ने सत्ताधारी गठबंधन पर अनदेखी का आरोप लगाया। छात्रों ने मांगों पर कार्रवाई न होने पर रांची में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की चेतावनी दी है।

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ़ विरोध कर रहे छात्रों ने घोषणा की है कि वे रविवार को राज्य के सभी 24 ज़िलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले जलाएंगे। उनका आरोप है कि सत्ताधारी झामुमो-कांग्रेस गठबंधन उनकी मांगों पर ‘‘ठोस कार्रवाई करने में नाकाम’’ रहा है। ‘जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच’ के तहत जारी विरोध प्रदर्शन का रविवार को 23वां दिन है।

आंदोलनकारियों ने सत्तारूढ़ झाारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस पर छात्रों के मुद्दों को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया और घोषणा की कि वे सोरेन के इस्तीफे की मांग करते हुए 20 अगस्त को उनके आवास का घेराव करेंगे। शनिवार को उन्होंने मांग की कि अगर ‘‘मुख्यमंत्री उनकी बात नहीं सुन रहे हैं’’ तो राहुल गांधी झामुमो नीत गठबंधन से समर्थन वापस ले लें। उन्होंने देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर और भर्ती परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुधार की अपनी मांग को लेकर शनिवार को रांची में ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली।

हाथ में राष्ट्रीय ध्वज लिए प्रदर्शनकारियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे नारे लगाए। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच के नेता रवींद्र पासवान ने कहा, ‘‘हम 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। हम उनके इस्तीफ़े की मांग करते हैं क्योंकि झामुमो और कांग्रेस, दोनों ही हमारे साथ राजनीति कर रहे हैं।

हमारी यह भी मांग है कि अगर मुख्यमंत्री राहुल गांधी की बात नहीं सुन रहे हैं, तो उन्हें झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन से समर्थन वापस ले लेना चाहिए।’’ प्रदर्शनकारियों ने पूरे झारखंड के छात्रों से अपील की कि वे 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के प्रस्तावित घेराव के लिए रांची में एकत्र हों। उन्होंने गांधी को भी आड़े हाथ लिया और कहा कि उन्होंने छात्रों का समर्थन करने की बात तो कही, लेकिन उसके बाद ‘‘कोई ठोस कदम’’ नहीं उठाया गया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़