Florida में पानी की सतह के बेहद पास उड़ते समय गिरा था Helicopter, NTSB जांच में खुलासा

Florida में पानी की सतह के बेहद पास उड़ते समय गिरा था Helicopter, NTSB जांच में खुलासा
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

अमेरिका के फ्लोरिडा में इस महीने हुए एक हेलीकॉप्टर हादसे की जांच में पता चला है कि विमान पानी के बेहद नजदीक उड़ान भर रहा था। पावरबोट रेस की कवरेज के दौरान मोड़ लेते वक्त रोटर ब्लेड पानी से टकराने के कारण यह दुर्घटना हुई। इस हादसे में पायलट की मौत हो गई थी, जबकि उसमें सवार फोटोग्राफर और वीडियोग्राफर घायल हो गए थे।

अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में इस महीने की शुरुआत में बिस्केन खाड़ी में दुर्घटनाग्रस्त हुआ एक हेलीकॉप्टर पानी की सतह के बेहद करीब उड़ान भर रहा था और मुड़ते समय उसके ब्लेड पानी से टकरा गए, जिससे हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अमेरिका के राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

मियामी-डाडे शेरिफ कार्यालय के अनुसार, ‘रॉबिन्सन आर44 II’ हेलीकॉप्टर चार नवंबर को बिस्केन के पास बिल बैग्स स्टेट पार्क के निकट समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हेलीकॉप्टर समुद्र में आयोजित एक पावरबोट प्रतियोगिता की तस्वीरें और वीडियो बनाने के लिए उड़ान भर रहा था। हादसे में पायलट की मौत हो गई, जबकि हेलीकॉप्टर में सवार एक फोटोग्राफर और एक वीडियोग्राफर घायल हो गए थे।

एनटीएसबी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के अनुसार, हेलीकॉप्टर पानी की सतह के बेहद करीब उड़ते हुए बार-बार मोड़ ले रहा था। तस्वीरें और वीडियो बनाने में सुविधा के लिए हेलीकॉप्टर के कुछ दरवाजे भी हटा दिए गए थे। इसी दौरान एक मोड़ पर उसके रोटर के ब्लेड पानी से टकरा गए, जिससे हेलीकॉप्टर अनियंत्रित होकर समुद्र में गिर गया।

फोटोग्राफर ने जांचकर्ताओं को बताया कि हेलीकॉप्टर बेहद कम ऊंचाई पर एक मोटरबोट के दाहिनी ओर उसके समानांतर उड़ रहा था। इसके बाद बेहतर तस्वीर लेने के लिए हेलीकॉप्टर ने मोड़ लिया और नाव के आगे पहुंच गया, ताकि नाव उसके नीचे से गुजर सके। इसी दौरान वीडियोग्राफर ने हेलीकॉप्टर के रोटर ब्लेड को पानी से टकराते देखा।

दुर्घटना के बाद समाचार चैनलों पर प्रसारित वीडियो में हेलीकॉप्टर पानी के भीतर उलटा पड़ा दिखाई दिया। उसके लैंडिंग स्किड्स के निचले हिस्से में पीले रंग के दो आपातकालीन ‘फ्लोट’ लगे थे। इन ‘फ्लोट’ का इस्तेमाल पानी में आपात स्थिति में उतरने पर हेलीकॉप्टर को तैरता रखने के लिए किया जाता है।

शेरिफ रोजी कोर्डेरो-स्टुट्ज ने बताया कि आसपास मौजूद नौकाओं में सवार लोगों ने हादसे के बाद आपातकालीन सहायता के लिए सूचना दी। इस दौरान एक व्यक्ति ने दुर्घटना के शिकार लोगों में से एक की मदद करने का प्रयास भी किया। हादसे की सूचना मिलते ही कई स्थानीय एजेंसियों के बचाव दल मौके पर पहुंचे।

अमेरिकी तटरक्षक बल और अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा विभाग के कर्मियों ने भी राहत एवं बचाव अभियान में हिस्सा लिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़