WHO रिपोर्ट में भारत की बड़ी उपलब्धि, JP Nadda बोले- TB से मौतों में आई 38 फीसदी की गिरावट

विश्व स्वास्थ्य संगठन की वैश्विक क्षय रोग रिपोर्ट 2026 में भारत में तपेदिक से होने वाली मौतों में 2015 के बाद से 38 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने बताया कि देश में औषधि-संवेदनशील क्षय रोग के मामलों में उपचार की सफलता दर 94 प्रतिशत तक पहुंच गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय कार्यालय ने भी क्षेत्रीय स्तर पर मौतों को घटाने में भारत के प्रयासों की सराहना की है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की ‘वैश्विक क्षय रोग रिपोर्ट 2026’ जारी होने के बाद, तपेदिक के खिलाफ लड़ाई में भारत की उल्लेखनीय प्रगति को रेखांकित किया। इस रिपोर्ट के अनुसार, 2015 के बाद से क्षय रोग से होने वाली मौतों में 38 प्रतिशत की कमी आई है, जबकि वैश्विक स्तर पर यह गिरावट 35 प्रतिशत रही। इतना ही नहीं, रिपोर्ट के मुताबिक, औषधि-संवेदनशील क्षय रोग के रोगियों में उपचार की सफलता दर 94 प्रतिशत रही है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने परिणाम को उत्साहजनक बताते हुए दोहराया कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि क्षय रोग का कोई भी रोगी उपचार और देखभाल से वंचित न रहे। उन्होंने क्षय रोग-मुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में जारी प्रयासों को और गति देने के लिए प्रौद्योगिकी, सामुदायिक भागीदारी और रोगियों की समग्र देखभाल के महत्व पर बल दिया। भारत की उपलब्धियों को महत्वपूर्ण मान्यता देते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय कार्यालय (डब्ल्यूएचओ-एसईएआरओ) ने भी पूरे क्षेत्र में क्षय रोग से होने वाली मृत्यु में कमी लाने में भारत के योगदान को सराहा है।
सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में डब्ल्यूएचओ-एसईएआरओ ने कहा, “विश्व स्वास्थ्य संगठन के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में क्षय रोग से होने वाली मृत्यु में कमी लाने की दिशा में भारत महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।’’ संगठन ने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की उस घोषणा को भी साझा किया, जिसमें वैश्विक क्षय रोग 2026 रिपोर्ट में भारत की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया है। केंद्रीय मंत्री ने अपने संदेश में इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में क्षय रोग के खिलाफ लड़ाई प्रौद्योगिकी, सामुदायिक भागीदारी और रोगी-केंद्रित देखभाल से संचालित राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन में बदल गई है। उन्होंने बताया कि शीघ्र पहचान, उन्नत जांच सुविधाओं, पोषण सहायता और सामुदायिक लामबंदी में निरंतर निवेश से देश से क्षय रोग उन्मूलन के प्रयासों को मजबूती मिली है।
नड्डा ने बताया कि गहन क्षय रोग जांच अभियान के तहत 25 करोड़ से अधिक लोगों की जांच की गई है। इस दौरान 11 करोड़ से अधिक छाती के एक्स-रे और तीन करोड़ आणविक जांच की गई हैं। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप क्षय रोग के कुल 48.64 लाख मामलों का पता चला है, जिनमें बिना लक्षण वाले लगभग 15 लाख मामले शामिल हैं।
इससे बीमारी का शीघ्र निदान करने और समय पर उपचार शुरू करने में मदद मिली है। नड्डा ने क्षय रोग देखभाल को सुदृढ़ बनाने और रोगियों को बेहतर सहायता उपलब्ध कराने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित निदान प्रणालियों, नि-क्षय पोषण योजना के तहत पोषण सहायता तथा नि-क्षय मित्रों के समर्पित प्रयासों की भूमिका को भी रेखांकित किया। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि विश्व क्षय रोग रिपोर्ट 2026 में क्षय रोग से होने वाली अनुमानित मृत्यु दर में भारत की अब तक की सर्वाधिक गिरावट दर्ज की गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2015 में प्रति एक लाख आबादी पर 28 मौतों की तुलना में वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 18 रह गई।
अन्य न्यूज़













