JP Nadda ने Assam flood से बिगड़े हालात का लिया जायजा, डिब्रूगढ़ में अधिकारियों संग की समीक्षा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने बुधवार को असम के डिब्रूगढ़ में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के साथ बाढ़ राहत और स्वास्थ्य उपायों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। दौरे के दौरान उन्होंने शिवसागर के प्रभावित इलाकों का भी निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। राज्य के 14 जिलों में 1.6 लाख लोग इस आपदा से प्रभावित हैं और मृतकों की संख्या बढ़कर 95 हो गई है।
गुवाहाटी, पांच अगस्त केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा ने बुधवार को असम के बाढ़ प्रभावित इलाकों में जारी राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इससे पहले दिन में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के साथ राज्य के बाढ़ प्रभावित शिवसागर इलाकों का दौरा किया, नुकसान का जायजा लिया और मृतकों के परिवारों से मुलाकात की।
शाम को उन्होंने डिब्रूगढ़ स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में बाढ़ की मौजूदा स्थिति को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया। नड्डा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे के बाद आज असम के डिब्रूगढ़ में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा जी और राज्य प्रशासन के अधिकारियों के साथ बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही, यह सुनिश्चित करने के लिए कि हर प्रभावित परिवार तक समय पर सहायता पहुंचे, जारी राहत, पुनर्वास और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े उपायों की व्यापक समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार असम सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है, ताकि बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत, पुनर्वास और जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए व्यापक सहायता सुनिश्चित की जा सके। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि बैठक में असम के बाढ़ प्रभावित इलाकों में जारी राहत कार्यों का आकलन करने और पुनर्वास एवं प्रभावित क्षेत्रों को फिर से सामान्य स्थिति में लाने की योजना को मजबूत करने पर चर्चा की गई। असम में बुधवार को बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई।
छह और लोगों की मौत के साथ इस साल बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 95 हो गई है, जबकि 14 जिलों में प्रभावित लोगों की संख्या बढ़कर 1.6 लाख हो गई है।
अन्य न्यूज़













