जेपी नड्डा ने टॉलीगंज में बाबुल सुप्रियो और पायल सरकार के समर्थन में किया रोड शो

JP Nadda

रोड शो टॉलीगंज विधानसभा क्षेत्र और बेहाला पूर्व विधानसभा सीट से होकर गुजरा जहां से क्रमश: केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो और अभिनेत्री पायल सरकार भाजपा प्रत्याशी हैं। सरकार पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं।

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कोलकाता के टॉलीगंज इलाके में सोमवार को रोड शो किया। नड्डा का रोड शो अपराह्न तीन बजकर 15 मिनट पर ट्राम डिपो से शुरू हुआ और इसका समापन करीब चार किलोमीटर दूर गड़िया मोड़ पर होना है। यह रोड शो टॉलीगंज विधानसभा क्षेत्र और बेहाला पूर्व विधानसभा सीट से होकर गुजरा जहां से क्रमश: केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो और अभिनेत्री पायल सरकार भाजपा प्रत्याशी हैं। सरकार पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं। 

इसे भी पढ़ें: बंगाल में तीसरे चरण के चुनाव की तैयारी पूरी, 31 सीटों पर 205 उम्मीदवार मैदान में उतरे 

नड्डा जिस लॉरी पर सवार हुए उसे फूलों और भाजपा के झंडों से सजाया गया है। वाहन पर नड्डा के साथ-साथ सुप्रियो और सरकार भी सवार हैं। उन्हें भीड़ को हाथ दिखाकर अभिवादन करते हुए देखा गया। इस दौरान पार्टी समर्थक ‘जय श्री राम’, ‘ नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’ और ‘जेपी नड्डा जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए सुनाई दे रहे थे। सड़क के किनारे बड़ी संख्या में लोगों को देखा गया। नड्डा का बाद में हुगली जिले के चूचुरा इलाके में रैली को संबोधित करने का कार्यक्रम है। हालांकि, श्रीरामपुर में होने वाली उनकी रैली अज्ञात कारणों से रद्द कर दी गई है। 

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़