Kannauj में कांवड़ियों से ADM और ASP ने मांगी माफी, जांच के आश्वासन पर खत्म हुआ धरना

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश के कन्नौज स्थित बोर्डिंग ग्राउंड पर शुक्रवार देर रात डीजे रोकने और पुलिसकर्मियों पर मारपीट के आरोप को लेकर कांवड़ियों ने चक्काजाम कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर अपर जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने मौके पर पहुंचकर गलती स्वीकार की और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त किया और बाबा गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक के लिए रवाना हुए।

उत्तर प्रदेश के कन्नौज के बोर्डिंग ग्राउंड पर शुक्रवार देर रात हंगामा हो गया, जब हरदोई के बिलग्राम से आए सैकड़ों कांवड़ियों के जुलूस में बज रहे डीजे को रोक दिया गया और पुलिसकर्मियों पर कांवड़ियों से अभद्रता एवं मारपीट का आरोप लगा। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। कांवड़ियों ने इस घटना के विरोध में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया जो प्रशासन के माफी मांगने के बाद समाप्त हुआ।

मामला बढ़ने पर अपर जिलाधिकारी (एडीएम) देवेंद्र सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अजय कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासन की ओर से कांवड़ियों से माफी मांगी और आश्वासन दिया कि अभद्रता और मारपीट के मामले में दोषियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी, कांवड़ियों ने करीब दो घंटे बाद धरना समाप्त कर दिया और बाबा गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक के लिए रवाना हो गए। बिलग्राम से कांवड़ लेकर आए श्रद्धालु जैसे ही बोर्डिंग ग्राउंड पहुंचे, पुलिस ने विद्युत लाइन का हवाला देकर डीजे और कांवड़ को शहर के अंदर ले जाने से रोक दिया।

इससे नाराज श्रद्धालु वहीं धरने पर बैठ गए। कांवड़ियों का आरोप है कि इसी दौरान सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह और उनके साथ आए सिपाहियों ने एक कांवड़िए के साथ अभद्रता और मारपीट की, जिसके बाद वहां मौजूद कांवड़िए आक्रोशित हो गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कोतवाल को निलंबित करने की मांग करने लगे। हंगामा बढ़ता देख एडीएम और एएसपी ने कांवड़ मंडल से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया और सभी कांवड़ियों से माफी मांगते हुए बाबा गौरीशंकर को जल अर्पित करने का निवेदन किया।

हालांकि पुलिस अधीक्षक की ओर से इस मामले में अब तक किसी पुलिसकर्मी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़