Kanpur में व्यापारी की हत्या का आरोपी Sanjay Dhaba पुलिस एनकाउंटर में घायल होकर गिरफ्तार

कानपुर के काकादेव क्षेत्र में व्यापारी अमित कुमार की हत्या के मामले में वांछित हिस्ट्रीशीटर संजय सिंह चौहान मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया है। जवाबी गोलीबारी में दोनों पैरों में गोली लगने से घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस मामले में आरोपी को पनाह और सलाह देने के आरोपों पर एक पूर्व पत्रकार की भूमिका की भी जांच कर रही है।
कानपुर के काकादेव इलाके में एक व्यापारी की हत्या के मामले में एक वांछित हिस्ट्रीशीटर को रविवार को मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि भागने की कोशिश करते समय आरोपी संजय सिंह चौहान उर्फ संजय ढाबा (40) ने पुलिस टीम पर गोली चलाई तथा जवाबी फायरिंग में उसके दोनों पैरों में गोली लगी एवं उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि संजय उन चार लोगों में शामिल है जिन पर व्यापारी अमित कुमार (47) पर हमला करने का आरोप है। कुमार ने पांच सितंबर को ओम क्रॉसिंग के पास सड़क पर पेशाब करने वाले एक आरोपी का विरोध किया था। इलाज के दौरान आठ सितंबर को कुमार की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सबूतों से पुलिस को चारों आरोपियों की पहचान करने में मदद मिली। उन्होंने बताया कि संजय सिंह पर 2009 से 56 आपराधिक मामले दर्ज हैं, तथा वह घटना के बाद से ही फरार था। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि कानपुर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष और टीवी पत्रकार अवनीश दीक्षित ने उसे अपनी बेगुनाही का दावा करते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो रिकॉर्ड और शेयर करने की सलाह दी थी और उसे लगातार सुरक्षा का भरोसा दिलाया था।
उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में इस आरोप की पुष्टि हुई है और दीक्षित की भूमिका की जांच की जा रही है। लाल ने बताया कि दीक्षित से पूछताछ की जाएगी और उसका नाम ‘केस डायरी’ में जोड़ा जाएगा। एक अधिकारी ने बताया कि दीक्षित को जुलाई 2024 में पॉश सिविल लाइंस इलाके में करोड़ों रुपये की सरकारी संपत्ति हड़पने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और उसे ज़मानत पर रिहा किया गया था।
अधिकारी ने बताया कि बाकी आरोपियों को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है और पुलिस दल उनकी तलाश कर रहे हैं।
अन्य न्यूज़













