Karnal में श्रीनगर जा रही बस पर पथराव, दो आरोपी हिरासत में लिए गए

Karnal में श्रीनगर जा रही बस पर पथराव, दो आरोपी हिरासत में लिए गए
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

हरियाणा के करनाल में एक ढाबे पर कार टकराने के विवाद के बाद दिल्ली से श्रीनगर जा रही बस पर पथराव किया गया, जिसमें एक यात्री और ढाबा कर्मी घायल हो गए। पुलिस ने कुरुक्षेत्र निवासी दो युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस मामले को हरियाणा सरकार के समक्ष उठाया है।

हरियाणा के करनाल जिले में विवाद के बाद श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) जा रही एक बस पर पथराव करने के आरोप में दो लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि घटना में एक यात्री और एक ढाबा कर्मचारी घायल हो गए। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके कार्यालय ने हरियाणा सरकार के समक्ष यह मामला उठाया है।

उमर ने बताया कि हरियाणा सरकार ने कानून के अनुसार त्वरित और सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर सरकार प्रभावित यात्रियों के साथ खड़ी है और स्थिति पर करीबी नजर रख रही है।’’ पुलिस महानिरीक्षक (करनाल रेंज) अश्विन शेनवी ने बताया कि यह घटना शनिवार रात करीब 11:30 बजे करनाल के ‘डिवाइन स्टार ढाबा’ के पार्किंग क्षेत्र में हुई। शेनवी के मुताबिक, कुरुक्षेत्र जिले के यूनिसपुर गांव के रहने वाले दो युवक कार से ढाबा पहुंचे।

उन्होंने बताया कि दिल्ली से श्रीनगर जा रही बस भी ढाबे की पार्किंग में रुकी थी। उन्होंने कहा कि कार को मोड़कर आगे बढ़ाने की कोशिश के दौरान युवकों ने बस में टक्कर मार दी, जिसके बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। शेनवी ने बताया कि झगड़े में बस के कुछ यात्री और ढाबे के कर्मचारी भी शामिल हो गए।

उन्होंने बताया कि बहस के दौरान दोनों युवकों ने बस पर पत्थर फेंके, जिससे खिड़कियों के शीशे टूट गए और सीट क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस महानिरीक्षक के मुताबिक, पथराव के दौरान एक यात्री और एक ढाबा कर्मचारी को चोटें आईं। बस देर रात करीब 1:30 बजे गंतव्य के लिए रवाना हुई।

शेनवी ने बताया कि पुलिस ने घटना के सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और पूछताछ के लिए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जब तक पुलिस मामले की जांच कर रही है, तब तक वे शांति और सद्भाव बनाए रखें।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़