Kaziranga Road Accident: जोरहाट अस्पताल में 16 घायलों का इलाज जारी, तीन वेंटिलेटर पर

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

असम के काजीरंगा में 13 नवंबर को मिनीबस और ट्रक की सीधी भिड़ंत के बाद जोरहाट मेडिकल कॉलेज में 16 घायलों का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक इनमें से तीन मरीजों की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है, जबकि पांच आईसीयू में भर्ती हैं। इस भीषण सड़क हादसे में 26 लोगों की जान चली गई थी।

असम के काजीरंगा में मिनीबस और ट्रक की टक्कर में घायल हुए कुल 16 लोगों का इलाज किया जा रहा है, जिनमें से तीन को जीवनरक्षक प्रणाली (वेंटिलेटर) पर रखा गया है। चिकित्सकों ने रविवार को यह जानकारी दी। काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के नजदीक 13 नवंबर को मिनीबस और ट्रक की आमने-सामने की हुई टक्कर में महिलाओं और नाबालिगों सहित कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए।

एक वरिष्ठ चिकित्सक ने बताया कि शुरुआत में घायलों का इलाज काजीरंगा, बोकाखाट, गोलाघाट और जोरहाट के अलग-अलग अस्पतालों में किया जा रहा था, लेकिन बाद में बेहतर इलाज के लिए उन सभी को जोरहाट चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जेएमसीएच) में स्थानांतरित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि एक मरीज को डिब्रूगढ़ स्थित असम चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल रेफर किया गया है। जेएमसीएच के मुख्य अधीक्षक सौरभ बोरकोटोकी ने कहा, ‘‘फिलहाल हमारे अस्पताल में 16 मरीजों का इलाज किया जा रहा है।

इनमें से तीन मरीज जीवनरक्षक प्रणाली पर हैं।’’ उन्होंने बताया कि जीवनरक्षक प्रणाली पर रखे गए तीन मरीजों के अलावा पांच अन्य मरीज गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती हैं, जबकि आठ मरीज सामान्य वार्ड में उपचाररत हैं तथा उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को घोषणा की कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को नौ-नौ लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जिसमें केंद्र की ओर से दिए जाने वाले दो लाख रुपये भी शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि गोलाघाट के शहीद कुशल कुंवर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम किए गए।

यह दुर्घटना काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के कोहोरा रेंज में, हाथीकुली चाय बागान के पास रंगाजान में, राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर हुई।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़