Kerala: मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन पर सरकारी हेलीकॉप्टर के इस्तेमाल को लेकर उठे सवाल

Prabhasakshi Image

केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन द्वारा कोच्चि की निजी यात्रा के लिए सरकारी हेलीकॉप्टर का कथित इस्तेमाल करने पर शनिवार को विपक्ष ने उन पर सार्वजनिक संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। मीडिया खबरों के अनुसार, मुख्यमंत्री इलाज करा रहे अपने ससुर से मिलने जा रहे थे, लेकिन खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर को वापस लौटना पड़ा था। वामपंथी नेताओं ने इस मामले में उनकी तीखी आलोचना की है।

तिरुवनंतपुरम, एक अगस्त केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन कोच्चि की अपनी निजी यात्रा के लिए सरकारी हेलीकॉप्टर इस्तेमाल करने से संबंधित खबरों को लेकर शनिवार को विपक्ष के निशाने पर आ गए और वाम नेताओं ने उन पर सार्वजनिक संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। मीडिया एक वर्ग ने खबर दी कि सतीशन ने हाल में कोच्चि में इलाज करा रहे अपने ससुर से मिलने जाने के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया। खबरों के अनुसार मुख्यमंत्री को लेकर हेलीकॉप्टर यहां कोदियार गोल्फ क्लब ग्राउंड से रवाना हुआ था, लेकिन प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के कारण कोच्चि में नहीं उतर पाने के बाद वापस राज्य की राजधानी लौट आया।

खबरों में कहा गया है कि मौसम ठीक होने के बाद हेलीकॉप्टर फिर से रवाना हुआ। विपक्ष ने सतीशन की आलोचना करते हुए दावा किया कि मुख्यमंत्री ने राज्य के वित्तीय संकट का हवाला देते हुए हेलीकॉप्टर सेवाएं लेने के लिए पिछली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के खिलाफ सख्त रुख अपनाया था। वामपंथी नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने पद संभालने के बाद निजी यात्रा के लिए कथित रूप से हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल करके विरोधाभासी रुख अपना लिया है।

पूर्व मंत्रियों और माकपा नेताओं वी शिवनकुट्टी और एम बी राजेश ने अलग-अलग फेसबुक पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री की आलोचना की। शिवनकुट्टी ने सीधे तौर पर सतीशन का नाम लिए बिना और विवाद का जिक्र किए बगैर तंज कसते हुए कहा, एक हेलीकॉप्टर ने यू-टर्न ले लिया। राजेश ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर से दो बार निजी यात्रा की थी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़