केएफसीसी ने गायक सोनू निगम के खिलाफ शुरू किया ‘असहयोग’ अभियान

 Sonu Nigam
ANI

बेंगलुरु में 25 अप्रैल को एक कॉलेज में कार्यक्रम के दौरान एक दर्शक द्वारा कन्नड़ में गाना गाने की मांग करने पर सोनू निगम ने कहा था,‘‘कन्नड़..कन्नड़… पहलगाम में हुई घटना के पीछे यही वजह है।’’

कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स’ (केएफसीसी) ने बेंगलुरू में हाल ही में एक संगीत कार्यक्रम के दौरान कन्नड़ समुदाय के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणी करने के आरोप में बॉलीवुड के गायक सोनू निगम के विरोध में ‘असहयोग’ अभियान की सोमवार को घोषणा की।

केएफसीसी के अध्यक्ष एम. नरसिम्हुलु ने संवाददाताओं से कहा कि गायक के साथ असहयोग तब तक जारी रहेगा जब तक वह कर्नाटक के लोगों से बिना शर्त माफी नहीं मांग लेते।

नरसिम्हुलु ने कहा, ‘‘कर्नाटक भर में सोनू निगम के साथ असहयोग किया जाएगा। यह बिलकुल प्रतिबंध जैसा है। उन्हें कर्नाटक की जनता से माफ़ी मांगनी चाहिए।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने यह फैसला लेने से पहले निगम से बातचीत करने की कोशिश की थी तो उन्होंने (नरसिम्हुलु) कहा कि उन्होंने उनसे (निगम) संपर्क करने का प्रयास किया था, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली क्योंकि गायक का फोन बंद था।

बेंगलुरु में 25 अप्रैल को एक कॉलेज में कार्यक्रम के दौरान एक दर्शक द्वारा कन्नड़ में गाना गाने की मांग करने पर सोनू निगम ने कहा था,‘‘कन्नड़..कन्नड़… पहलगाम में हुई घटना के पीछे यही वजह है।’’

कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी जिसमें कर्नाटक के दो लोग भी शामिल थे। कर्नाटक फिल्म संगीतकार संघ के महासचिव धर्म विश ने कहा, ‘‘ सोनू निगम भारत और कन्नड़ की सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं में से एक हैं। विवाद उनकी प्रतिभा को लेकर नहीं है, बल्कि उन्होंने जो कहा उससे है। कन्नड़ लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। किसी राज्य के व्यक्ति या लोगों की तुलना आतंकवादियों से करना बेहद खराब है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़