Kiren Rijiju बोले, दिमागी नक्सलियों और देशभक्तों के बीच खिंची लकीर

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने सोशल मीडिया पर कहा कि लड़ाई संविधान में विश्वास रखने वालों और अराजकतावादियों के बीच है। उन्होंने लोगों से देशद्रोहियों को कभी माफ न करने का आह्वान किया। यह बयान वकील प्रशांत भूषण की सत्ता परिवर्तन संबंधी टिप्पणी के बाद आया है।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने शुक्रवार को कहा कि ‘‘दिमागी नक्सलियों’’ और देशभक्त भारतीयों के बीच लड़ाई की लकीर खिंच गई है। रीजीजू ने लोगों से ‘‘देशद्रोहियों’’ को याद रखने का आह्वान भी किया। रीजीजू ने उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण द्वारा बृहस्पतिवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में ‘‘सत्ता परिवर्तन’’ संबंधी टिप्पणी किए जाने के एक दिन बाद यह टिप्पणी की है।

केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘लड़ाई की लकीर खिंच गई है। यह दिमागी नक्सलियों और देशभक्त भारतीयों के बीच की लड़ाई है। यह भारत के संविधान में विश्वास रखने वालों और अराजकतावादियों के बीच की लड़ाई है।’’ रीजीजू ने एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘प्रिय देशभक्त भारतीयो... याद रखिए, अपने दुश्मनों को एक बार माफ कर दीजिए, दोस्तों को दो बार, लेकिन देशद्रोहियों को कभी माफ मत कीजिए।’’ उन्होंने ‘एक्स’ पर भूषण के दो वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘‘ये लोग कश्मीर एवं पूर्वोत्तर को भारत से अलग करना और देश को तोड़ना चाहते हैं।’’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रीजीजू ने कांग्रेस के एक नेता और अन्य लोगों के साथ भूषण की हाल की एक तस्वीर भी साझा की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़