Kishtwar में लापता दो SPOs के मिले गोलियों से छलनी शव, हथियार भी गायब

किश्तवाड़ जिले के दच्चन इलाके में बुधवार को लापता हुए दो विशेष पुलिस अधिकारियों के गोलियों से बिंधे शव बृहस्पतिवार तड़के बरामद किए गए। मारे गए जवानों के सरकारी हथियार गायब पाए जाने के बाद सुरक्षा बलों ने आतंकी संलिप्तता का संदेह जताते हुए जंगल में ड्रोन और खोजी कुत्तों के साथ बड़ा तलाशी अभियान शुरू किया है।
जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ जिले के दूरदराज के इलाके दच्चन से लापता दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के शव बृहस्पतिवार तड़के बरामद किए गए और उनके शरीर पर गोलियों के निशान थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मियों के सरकारी हथियार नहीं मिले हैं, जिससे घटना में संभावित आतंकी संलिप्तता का संदेह गहरा गया है।
मृतकों की पहचान बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) के रूप में हुई है। ये दोनों दच्चन के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) में तैनात थे और बुधवार को अपने शिविर से धारणा-मारवाह स्थित सेना की एक चौकी की ओर जाते समय लापता हो गए थे। शुरुआत में उनके मोबाइल फोन पर संपर्क हो रहा था, लेकिन बाद में वे ‘स्विच ऑफ’ हो गए।
इससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई और बड़े पैमाने पर एक तलाश अभियान शुरू किया गया। सुरक्षा बलों ने अतिरिक्त जवानों को मौके पर भेजा और ड्रोन तथा खोजी कुत्तों से लैस विशेष टीम को तैनात करते हुए दच्चन के ऊपरी जंगली इलाकों में तलाश अभियान तेज कर दिया। कियार के आसपास के बड़े हिस्से और धारणा-मारवाह की ओर जाने वाले रास्ते को भी अभियान के दायरे में लिया गया जहां ड्रोन के जरिए दुर्गम जंगली इलाकों की निगरानी की गई, वहीं खोजी कुत्तों ने संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाने में जमीनी टीम की मदद की।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमलावरों की पहचान करने और उन्हें मार गिराने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।’’ अधिकारियों ने बताया कि जम्मू से लगभग 200 किलोमीटर दूर स्थित किश्तवाड़ आतंकवाद-रोधी अभियानों का केंद्र रहा है, जिसके परिणामस्वरूप कई सक्रिय आतंकवादी मारे गए हैं। सुरक्षा बल जिले के दूरदराज और जंगली इलाकों में बचे आतंकवादियों के सफाए के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 2026 में आतंकी घटनाओं में चार आतंकियों और सेना के एक जवान सहित पांच लोगों की मौत हुई है।
2025 में यह आंकड़ा चार था, जिसमें तीन आतंकी और सेना का एक जवान शामिल था। वहीं, 2024 में तीन सुरक्षाकर्मियों और दो नागरिकों ने अपनी जान गंवाई थी। यह ताजा घटना ऐसे समय हुई है जब जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां आतंकवाद से निपटने और क्षेत्र में स्थायी शांति सुनिश्चित करने के लिए जनता से लगातार अधिक सहयोग की अपील कर रही हैं।
किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने चार अक्टूबर को मारवाह, वारवन और दच्चन के दूरदराज के इलाकों के निवासियों से आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने और संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधियों के बारे में सुरक्षा बलों को समय पर सूचना देने का आग्रह किया था। शर्मा ने क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने और सतत विकास सुनिश्चित करने के लिए शांति और सुरक्षा को आवश्यक बताते हुए कहा था, ‘‘मारवाह, वारवन और दच्चन क्षेत्रों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन सक्रिय आतंकवादियों की मौजूदगी इस क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही को सीमित करने वाले प्रमुख कारणों में से एक है।’’
अन्य न्यूज़














