Kishtwar में छात्रा की मौत के बाद आरोपी शिक्षक गिरफ्तार, POCSO Act में केस

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में 15 वर्षीय स्कूली छात्रा के साथ दुष्कर्म और गर्भपात के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी शिक्षक और उसके भाई को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार बुमालपोरा मिडिल स्कूल में तैनात प्रभारी प्रधानाध्यापक पर कई महीनों तक दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने चतरू समेत कई इलाकों में प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में 15 वर्षीय छात्रा से स्कूल के एक शिक्षक द्वारा कथित तौर पर कई महीनों तक बार-बार दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इसके कारण छात्रा गर्भवती हो गई और गर्भपात कराने के प्रयास के बाद उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी शिक्षक और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया।

बृहस्पतिवार देर शाम लड़की की मौत के बाद चतरू और जिले के कई अन्य हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने आरोपी खालिद अहमद शेख और उसके भाई को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि शेख इंडरवाल के बुमालपोरा मिडिल स्कूल में शिक्षक ग्रेड-द्वितीय और प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात था।

सूत्रों के मुताबिक, बृहस्पतिवार देर शाम गर्भपात के लिए जम्मू ले जाते समय लड़की की मौत हो गई। बाद में उसके और मृत जन्मे बच्चे के शव को उसके गांव ले जाया गया। घटना को लेकर शुक्रवार को चतरू और किश्तवाड़ के अन्य इलाकों में विरोध-प्रदर्शन हुए।

पुलिस ने चतरू थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़