उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के सलाहकार के के शर्मा ने दिया इस्तीफा, प्रदेश चुनाव आयुक्त नियुक्त

KK Sharma

वर्ष 1983 बैच के अरूणाचल प्रदेश, गोवा और मिजोरम केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी) कैडर के आईएएस अधिकारी के के शर्मा को पिछले साल नवंबर में उपराज्यपाल का सलाहकार नियुक्त किया गया था।

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के सलाहकार के के शर्मा ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया और उन्हें केंद्र शासित प्रदेश का चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया। सरकारी प्रवक्ता रोहित कंसल ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘के के शर्मा ने जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल के सलाहकार पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्हें केंद्रशासित प्रदेश का चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया है।’’ बाद में एक सादे समारोह में शर्मा को सिन्हा ने पद की शपथ दिलाई और नयी नियुक्ति के लिए उन्हें बधाई दी। समारोह में उपराज्यपाल के सलाहकार फारूक खान, राजीव राय भटनागर और बसीर खान, मुख्य सचिव बी वी आर सुब्रमण्यम और प्रशासनिक सचिव मौजूद थे। 

इसे भी पढ़ें: J&K के लिए बागवानी क्षेत्र में विकास की व्यापक संभावनाएं: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा 

जिला विकास परिषद् के गठन के लिए सरकार द्वारा कानून में संशोधन करने के बाद शर्मा को राज्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया है। वर्ष 1983 बैच के अरूणाचल प्रदेश, गोवा और मिजोरम केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी) कैडर के आईएएस अधिकारी शर्मा को पिछले साल नवंबर में उपराज्यपाल का सलाहकार नियुक्त किया गया था। शर्मा 30 साल के अपने करियर में दिल्ली और गोवा के मुख्य सचिव समेत विभिन्न पदों पर रहे। वह अपनी सेवानिवृत्ति के पहले मानव संसाधन विकास मंत्रालय में सचिव थे। शर्मा चंडीगढ़ के प्रशासक के सलाहकार भी रह चुके हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़