कोलकाता: आरजी कर अस्पताल की महिला चिकित्सक की याद में ‘अभया’ रखा जाएगा लद्दाख में एक चोटी का नाम

RG Kar
प्रतिरूप फोटो
ANI

कोरजोक फु में आधार शिविर स्थापित करने वाली इस टीम में पूरे भारत के प्रमुख प्रोफेसर, शोधकर्ता, जलवायु विशेषज्ञ, चिकित्सा पेशेवर और सामाजिक विकास कार्यकर्ता शामिल हैं।

पर्वतारोहियों, वैज्ञानिकों और चिकित्सकों की एक टीम लद्दाख के लेह जिले के सुदूर त्सो-मोरीरी क्षेत्र में एक अभियान के तहत एक अनाम चोटी पर चढ़ाई करेगी। इसके साथ ही 6,105 मीटर ऊंची इस चोटी का नाम प्रतीकात्मक तौर पर ‘अभया’ रखा जाएगा। पिछले साल कोलकाता स्थित आरजी कर अस्पताल में एक प्रशिक्षु महिला चिकित्सका की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी।

टीम ने इस चोटी का नाम महिला चिकित्सक की याद में रखने का फैसला किया है। प्रोजेक्ट सीमा (सस्टेनेबल एम्पावरमेंट एंड एक्सप्लोरेशन इन माउंटेनस एरियाज) नामक इस अभियान का उद्देश्य पर्वत अन्वेषण को सामाजिक, वैज्ञानिक और विकासात्मक पहल से जोड़ना है।

यह समूह हिमालय के चुनौतीपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र में ग्लेशियरों, नदियों, झीलों, कृषि और जलवायु परिवर्तन पर भी अध्ययन करेगा। अभियान का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ पर्वतारोही देबाशीष बिस्वास ने लेह से फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘उनकी (महिला चिकित्सक) मौत ने पूरे देश की अंतरात्मा को झकझोर दिया। हम इन अनाम चोटियों में से एक को उन्हें समर्पित करके उनका का सम्मान करना चाहते हैं और इसलिए, इसका नामकरण उनके प्रतीकात्मक नाम पर ‘अभया’ किया जाएगा।’’

कोरजोक फु में आधार शिविर स्थापित करने वाली इस टीम में पूरे भारत के प्रमुख प्रोफेसर, शोधकर्ता, जलवायु विशेषज्ञ, चिकित्सा पेशेवर और सामाजिक विकास कार्यकर्ता शामिल हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़