Kolkata Sairang Express हादसा: मुख्य Brake System बंद होने से डिगारू में पटरी से उतरी ट्रेन

Kolkata Sairang Express हादसा: मुख्य Brake System बंद होने से डिगारू में पटरी से उतरी ट्रेन
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

असम के डिगारू स्टेशन पर कोलकाता-सायरंग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के मामले में छह सदस्यीय संयुक्त जांच दल ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंप दी है। रिपोर्ट के अनुसार इंजन का बीपी एंगल कॉक बंद होने की वजह से मुख्य ब्रेक प्रणाली काम नहीं कर सकी, जिससे ट्रेन लाल सिग्नल पार कर पटरी के अंतिम छोर से जा टकराई।

(जीवन प्रकाश शर्मा) नयी दिल्ली, 13 नवंबर असम के डिगारू रेलवे स्टेशन पर 11 नवंबर को कोलकाता-सायरंग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना की प्रारंभिक जांच में ट्रेन की मुख्य ब्रेक प्रणाली में खराबी को दुर्घटना का संभावित कारण बताया गया है। छह सदस्यीय जांच दल ने अपनी रिपोर्ट में पाया कि डिब्बों में ब्रेक लगाने के लिए मुख्य रूप से जिम्मेदार प्रणाली इंजन में बंद स्थिति में थी, जिसे तकनीकी भाषा में ‘बीपी एंगल कॉक’ कहा जाता है। दुर्घटना के दिन जांच दल की ओर से तैयार किए गए संयुक्त नोट में कहा गया है, ‘‘दुर्घटना का यह कारण हो सकता है, क्योंकि इंजन का एफपी/बीपी एंगल कॉक बंद स्थिति में होने के कारण संभव है कि ब्रेक नहीं लगे हों।’’ इसमें आगे कहा गया है कि ट्रेन के चालक दल ने ब्रेक लगाने की कोशिश की थी, ‘‘लेकिन संभव है कि ब्रेक नहीं लगे हों, क्योंकि एंगल कॉक पहले से ही बंद स्थिति में था।’’ जांच रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि ब्रेक प्रणाली को किसने निष्क्रिय किया था या ट्रेन चलाने से पहले उसकी कार्यक्षमता जांचने के लिए निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करने में चालक दल से चूक हुई थी।

हालांकि, ट्रेन के चालक दल के सदस्यों- लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और गार्ड ने अपने बयान में कहा कि 11 नवंबर को सुबह करीब साढ़े पांच बजे गुवाहाटी में ट्रेन की जिम्मेदारी संभालते समय ब्रेक प्रणाली ठीक से काम कर रही थी। रिपोर्ट के अनुसार, सुबह छह बजकर 16 मिनट पर पानबारी (पीएनबी) स्टेशन पर ट्रेन को रोकना पड़ा, क्योंकि एक डिब्बे के ब्रेक पैड जाम होने के कारण उसके पहिये अत्यधिक गर्म हो गए थे। चालक दल ने इस समस्या को ठीक किया, जिसके बाद ट्रेन करीब 30 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही।

सुबह छह बजकर 46 मिनट पर जब ट्रेन पीएनबी स्टेशन से रवाना हुई और डिगारू स्टेशन के पास पहुंच रही थी, तब संबंधित स्टेशन मास्टर ने उसे लूप लाइन में प्रवेश कर वहां रुकने का सिग्नल दिया, ताकि दूसरी ट्रेन को पहले गुजरने दिया जा सके। रिपोर्ट के अनुसार, ट्रेन को रोकने के लिए चालक दल ने जब ब्रेक लगाए तो वे काम नहीं कर पाए। ट्रेन लाल सिग्नल को पार करते हुए आगे निकल गई और ‘डेड एंड’ (पटरी के अंतिम छोर) से टकराने के बाद पटरी से उतरकर रुक गई।

रेलवे के कुछ सुरक्षा विशेषज्ञों ने कहा कि यात्रा के दौरान ट्रेन की गति नियंत्रित करने के लिए चालक दल वैकल्पिक ब्रेक प्रणाली का इस्तेमाल कर रहा हो सकता है, जिसे ‘रीजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम’ कहा जाता है। संभव है कि लूप लाइन के पास ट्रेन को रोकने की कोशिश करते समय उन्होंने मुख्य ब्रेक प्रणाली का इस्तेमाल किया हो, लेकिन तब पता चला कि वह काम नहीं कर रही थी। एक सुरक्षा विशेषज्ञ ने कहा, ‘‘मुख्य ब्रेक प्रणाली को किसने बंद किया था?

क्या रेलवे कर्मचारियों ने ऐसा किया और बाद में उसे दोबारा चालू करना भूल गए? घटनाओं के क्रम को देखते हुए किसी बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका बेहद कम है। यह घटना कई सवाल खड़े करती है और इसकी गहन जांच किए जाने की जरूरत है।’’ घटना के बाद रेलवे के कुछ मंडलों की ओर से जारी परामर्शों से संकेत मिलता है कि पीएनबी स्टेशन पर जाम हुए ब्रेक पैड की समस्या ठीक करते समय रेलवे कर्मचारियों ने एंगल कॉक बंद कर दिया होगा और ट्रेन के दोबारा रवाना होने से पहले उसे खोलना भूल गए होंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़