ममता ने EVM पर उठाए सवाल, कहा- भाजपा को मैंडेट नहीं मिला, वोटों की लूट हुई है

Mamata
अंकित सिंह । Mar 11 2022 4:26PM

ममता ने कहा कि यह पॉपुलर मैंडेट नहीं है बल्कि मशीनरी का मैंडेट है। भाजपा पर तंज कसते हुए ममता ने कहा कि उन्हें जीत के बाद उदार होना चाहिए लेकिन वे आक्रमक हो गए हैं। अभी से डुगडुगी बजाने लगे हैं। कौन जानता है 2024 में क्या होगा? भाग्य-भाग्य होता है।

उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। इन विधानसभा चुनाव में 4 राज्यों में भाजपा की जीत हुई है जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी का परचम लहराया है। उत्तर प्रदेश में भाजपा की जीत के बाद से एक बार फिर से ईवीएम सुर्खियों में आ गया है। ईवीएम को लेकर तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। ममता बनर्जी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश में वोटों की लूट हुई है। उन्होंने कहा है कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की फॉरेंसिक जांच होनी चाहिए। ममता बनर्जी ने विपक्ष से एकजुट होने की भी अपील की। ममता ने कहा कि EVM की लूट हुई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को निराश नहीं होना चाहिए और उन्हें EVM मशीनों की फॉरेंसिक जांच करानी चाहिए। अखिलेश यादव का वोट प्रतिशत इस बार 20% से बढ़कर 37% हुआ है।

इसके साथ ही ममता ने कहा कि यह पॉपुलर मैंडेट नहीं है बल्कि मशीनरी का मैंडेट है। भाजपा पर तंज कसते हुए ममता ने कहा कि उन्हें जीत के बाद उदार होना चाहिए लेकिन वे आक्रमक हो गए हैं। अभी से डुगडुगी बजाने लगे हैं। कौन जानता है 2024 में क्या होगा? भाग्य-भाग्य होता है। भाजपा ने अभी से ही बड़े-बड़े दावे करने शुरू कर दिए हैं। बंगाल में लगातार उसका विरोध रहा है। हारने के बाद में उसे शर्म नहीं है। ममता ने आगे कहा कि अगर कांग्रेस चाहे तो हम सब मिलकर 2024 का आम चुनाव लड़ सकते हैं। अभी के लिए आक्रामक न हों, सकारात्मक रहें। यह जीत (4 राज्यों में विधानसभा चुनाव) भाजपा के लिए एक बड़ी क्षति होगी। 2022 के चुनाव परिणाम 2024 चुनावों के भाग्य का फैसला करेंगे। 

ममता ने कहा कि गोवा में पार्टी की शुरुआत के तीन महीने के भीतर तृणमूल कांग्रेस को 6% वोट मिले। यह काफी है। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को जो भाजपा से लड़ना चाहते हैं, उन्हें एक साथ चलना चाहिए। कांग्रेस अपनी विश्वसनीयता खो रही है, कांग्रेस पर निर्भर नहीं रह सकते। ममता बनर्जी के बयान पर पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता सुवेंदु अधीकारी ने कहा कि उन्हें(ममता बनर्जी) 2029 के बारे में सोचना चाहिए। 2024 के चुनाव के नतीज़ें साफ हो गए हैं, फिर एक बार मोदी सरकार। इस बार 400 पार। 

All the updates here:

अन्य न्यूज़