उत्तर पूर्वी Delhi में पत्नी पर ब्लेड से जानलेवा हमला, पति Majid Hussain गिरफ्तार

सुंदर नगरी इलाके में 13 सितंबर की रात अवैध संबंध के विवाद को लेकर एक पति ने अपनी पत्नी के चेहरे और गर्दन पर शेविंग ब्लेड से वार कर दिया। पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया और आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे अरेस्ट कर लिया है।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके में पति ने एक महिला के साथ ‘प्रेम प्रसंग’ को लेकर पत्नी के साथ हुए झगड़े के दौरान उसपर दाढ़ी बनाने वाले ब्लेड से हमला कर दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी माजिद हुसैन (35) को पत्नी की हत्या की कथित कोशिश के मामले में गिरफ्तार किया गया है और हमले में इस्तेमाल किया गया ब्लेड भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना 13 सितंबर की रात करीब 11 बजे सुंदर नगरी स्थित घर पर दंपति के बीच हुई कहा-सुनी के बाद हुई। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित महिला ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसके पति का किसी दूसरी महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है और वह अक्सर उससे झगड़ा और मारपीट करता है। पुलिस ने बताया कि घटना से लगभग 15 दिन पहले, बार-बार होने वाले झगड़ों के कारण वह अपने तीनों बच्चों के साथ लोनी स्थित मायके चली गई थी।
पीड़िता द्वारा दर्ज कराए गए बयान के मुताबिक, घटना से दो दिन पहले, हुसैन और उसके पिता ने कथित तौर पर महिला को घर लौटने के लिए मनाया, लेकिन ससुराल आने के बाद ही पति ने फिर से झगड़ा करना शुरू कर दिया। पुलिस ने बताया कि 13 सितंबर को हुई लड़ाई के दौरान हुसैन ने कथित तौर पर ब्लेड से पत्नी पर हमला किया, जिससे उसके मुंह और गले में कई चोटें आईं। नंद नगरी पुलिस थाना को रात करीब 11:40 बजे को सूचना मिली कि एक महिला पर उसके पति ने कथित तौर पर गर्दन पर हमला किया है।
पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची, लेकिन घायल महिला को पुलिसकर्मी पहले ही राजीव गांधी अस्पताल पहुंचा चुके थे। पुलिस अस्पताल में पीड़िता से मिली, जहां उसका इलाज किया जा रहा था और उसका बयान दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि 14 सितंबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या की कोशिश) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और प्रकरण की जांच शुरू की गई।
उसने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने अपराध स्थल की जांच की और साक्ष्य एकत्र किए और हुसैन को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर अपराध में इस्तेमाल ब्लेड को बरामद कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, हुसैन का पूर्व का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
अन्य न्यूज़













