Odisha के Bolangir में तांत्रिक क्रिया के लिए व्यक्ति की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

बोलांगीर जिले में पुलिस ने 40 वर्षीय शत्रुघ्न साहू को एक ग्रामीण का सिर काटकर अपने पूजा कक्ष में दबाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने तीन साल पहले अलग हुई अपनी पत्नी को तंत्र-मंत्र के जरिए वापस पाने के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया। बगड़ा गांव के एक तालाब से शव मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़कर हथियार और सिर बरामद कर लिया।

ओडिशा के बोलांगीर जिले में एक व्यक्ति ने अपनी अलग हो चुकी पत्नी को वापस पाने के लिए तंत्र-मंत्र के तहत कथित तौर पर पड़ोसी गांव के एक निवासी का सिर काटकर उसे अपने पूजा-घर में दफना दिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह मामला पिछले बृहस्पतिवार को उस समय सामने आया, जब 18 अगस्त से लापता तेबादामुंडा गांव निवासी संतोष खरसेल (45) का सिर कटा शव बगड़ा गांव के एक तालाब से बरामद किया गया।

जांच में पता चला कि खरसेल को आखिरी बार शत्रुघ्न साहू (40) के साथ देखा गया था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि साहू को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध कबूल कर लिया, लेकिन दावा किया कि हत्या शराब पीने के बाद हुई तीखी बहस का नतीजा थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके बाद की पूछताछ में साहू ने स्वीकार किया कि उसने यह वारदात करीब तीन साल पहले उसे छोड़कर चली गई अपनी पत्नी को वापस पाने के इरादे से की थी।

अधिकारी ने बताया कि साहू के अपराध स्वीकार करने के बाद पीड़ित के सिर को उसके घर के पूजा कक्ष से बाहर निकाला गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया, हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़