Navi Mumbai में पार्किंग विवाद के बाद कार से कुचलकर युवक की हत्या, एक घायल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

नवी मुंबई के नेरुल में एक होटल के पास पार्किंग विवाद के बाद चार लोगों ने दो युवकों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने हॉकी स्टिक से वार किया और बाद में कार से कुचलकर एक युवक की जान ले ली। पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महाराष्ट्र में नवी मुंबई के नेरुल इलाके में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। नेरुल पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार सुबह सात बजे से आठ बजे के बीच शिरावणे इलाके में मिनीमहल होटल के निकट हुई।

उन्होंने बताया कि होटल परिसर में पार्किंग को लेकर विवाद हो गया और इस दौरान चार लोगों ने 33-वर्षीय रणजीत सिंह दलजीत सिंह शेरगिल और 21-वर्षीय सुजल खेडकर पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘एक संदिग्ध ने पीड़ितों के गर्दन और हाथों पर जान से मारने की नीयत से हॉकी स्टिक से हमला किया। इसके बाद, कार के चालक ने जानबूझकर वाहन को पीछे की ओर मोड़ा और फरार होने से पहले पीड़ितों को दो बार कुचल दिया।’’ अधिकारी ने बताया कि हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक धमकी, खतरनाक हथियारों से जानबूझकर चोट पहुंचाने और अन्य अपराधों से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़