Manipur में Independence Day पर राज्यपाल और सीएम ने दिया एकता का संदेश

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने की अपील की। राज्यपाल ने लोक भवन में ध्वजारोहण किया, वहीं मुख्यमंत्री ने प्रथम मणिपुर राइफल्स ग्राउंड में तिरंगा फहराया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ए. शारदा देवी ने भी पार्टी कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और उनसे राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने, संविधान का सम्मान करने और देश की प्रगति व समृद्धि में योगदान देने का आह्वान किया। राज्यपाल ने लोक भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जबकि मुख्यमंत्री ने प्रथम मणिपुर राइफल्स ग्राउंड में तिरंगा फहराया। राज्यपाल भल्ला ने एक बयान में कहा, ‘‘स्वतंत्रता दिवस उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि देने का अवसर है, जिनके बलिदान ने देश को आजादी दिलाई।

उनका साहस, देशभक्ति और स्वतंत्रता, समानता तथा न्याय के आदर्शों के प्रति अटूट समर्पण हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है।’’ उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रीय एकता को और सुदृढ़ करने, संविधान के मूल्यों को बनाए रखने और राष्ट्र की उन्नति एवं समृद्धि के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लेने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह ने कहा, ‘‘आइए, हम अपने स्वतंत्रता सेनानियों के साहस और बलिदान को नमन करें, भारत की उल्लेखनीय प्रगति का उत्सव मनाएं और एकता, शांति तथा विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहरायें।’’ उन्होंने लोगों से विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ते हुए एक मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनने की अपील की। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य ए. शारदा देवी ने भी पार्टी कार्यालय में तिरंगा फहराया।

इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र गान भी गाया। राज्य के सभी 16 जिलों में विभिन्न संस्थानों और सरकारी प्रतिष्ठानों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़