Tiger Shroff फायरिंग मामले पर Manoj Tiwari और Ravi Kishan ने जताई चिंता, सख्त कार्रवाई की उम्मीद

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी और रवि किशन ने सोमवार को गहरी चिंता व्यक्त की। दोनों नेताओं ने पटना में मीडिया से बात करते हुए महाराष्ट्र पुलिस पर भरोसा जताया कि आरोपियों को शीघ्र पकड़ लिया जाएगा। तिवारी ने जांच के दौरान किसी पुलिस अधिकारी द्वारा गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के लिए सम्मानजनक शब्द इस्तेमाल किए जाने पर भी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।

अभिनेता से नेता बने मनोज तिवारी और रवि किशन ने मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी की घटना पर सोमवार को चिंता जताई। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दोनों सांसदों ने भरोसा जताया कि महाराष्ट्र पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लेगी। महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति सरकार है।

बिहार के रहने वाले और उत्तर-पूर्वी दिल्ली से लोकसभा सदस्य मनोज तिवारी ने पटना में संवाददाताओं से कहा, “टाइगर श्रॉफ पर हमला गंभीर चिंता का विषय है। हमें उम्मीद है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष तिवारी ने जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की इस हमले में कथित संलिप्तता को लेकर अटकलों के संबंध में एक पुलिस अधिकारी द्वारा उनके लिए ‘साहब’ संबोधन का इस्तेमाल किए जाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, “यह उचित नहीं है।

गंभीर अपराध में संलिप्तता के संदेह वाले किसी व्यक्ति के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। अपराधियों के साथ वैसा ही व्यवहार किया जाना चाहिए, जिसके वे हकदार हैं।” इससे पहले, उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से सांसद रवि किशन से पटना हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद इस घटना के बारे में पूछा गया। उन्होंने कहा, “यह बेहद परेशान करने वाली घटना है।

मैं टाइगर श्रॉफ के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। वह बहुत अच्छे इंसान हैं। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उम्मीद है कि महाराष्ट्र पुलिस जल्द उनका पता लगा लेगी।”

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़