Delhi Fog: न्यूनतम तापमान पहुंचा 10 डिग्री सेल्सियस, IMD ने घना कोहरा छाने की संभावना जताई

fog
प्रतिरूप फोटो
ANI Image
रितिका कमठान । Dec 3 2023 12:07PM

अगले तीन दिनों तक कोहरे का अलर्ट जारी हुआ है, जिसके मुताबिक आगामी पांच से नौ दिसंबर तक दिल्ली में घना कोहरा छाने का भी अनुमान जताया है। वहीं हवा चलने से पल्यूशन में भी राहत मिल सकती है।

नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान के गिरने के साथ ही कोहरे का छाना भी शुरू हो गया है। राज्य में कोहरा छाने लगा है। शनिवार को दिल्ली एनसीआर में इस सीजन का पहला घना कोहरा दिखा। शनिवार की सुबह आलम ये था कि कई जगहों पर विजिबिलिटी यानी दृश्यता 200 मीटर से भी कम दर्ज हुई। 

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि घना कोहरा छाने की स्थिति आने वाले दिनों में जारी रह सकती है। अगले तीन दिनों तक कोहरे का अलर्ट जारी हुआ है, जिसके मुताबिक आगामी पांच से नौ दिसंबर तक दिल्ली में घना कोहरा छाने का भी अनुमान जताया है। वहीं हवा चलने से पल्यूशन में भी राहत मिल सकती है। इस दौरान हवा की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मौसम कार्यालय ने कहा कि रविवार को सुबह साढ़े आठ बजे दिल्ली की सापेक्षिक आर्द्रता 100 प्रतिशत दर्ज की गई और पिछले 24 घंटों में कोई बारिश दर्ज नहीं की गई।

राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में औसत से एक डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने रविवार को मुख्य रूप से आसमान साफ रहने और हल्का कोहरा छाने का अनुमान जताया है। जानकारी के मुताबिक शनिवार को दिल्ली में वसंत कुंज, एयरपोर्ट और इसके आसपास, रजोकरी, वसंत विहार, गुरुग्राम इलाके में घना कोहरा देखने को मिला है। कोहरा यहां सुबह सात से नौ बजे तक छाया रहा। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़