Moti Nagar Trial Room Murder: जमीन पर पड़ी दिखी चुन्नी और... चश्मदीद महिला ने बयां किया खौफनाक मंजर!

Moti Nagar Trial Room Murder
ANI
एकता । Nov 15 2026 12:42PM

दिल्ली में शनिवार शाम एक शोरूम के ट्रायल रूम में 18 वर्षीय युवती शबनम की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, उसके एक परिचित ने शोरूम में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस निजी रिश्तों में कड़वाहट और एकतरफा प्यार को हत्या की वजह मानकर जांच कर रही है।

देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार शाम एक कपड़े के शोरूम के ट्रायल रूम के अंदर 18 साल की एक युवती की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस को शक है कि निजी रिश्तों में आई कड़वाहट और एकतरफा प्यार इस वारदात की वजह हो सकती है।

कौन थी मृतका और क्या था आरोपी से कनेक्शन?

मृतक युवती की पहचान शबनम के रूप में हुई है। वह मोती नगर मेट्रो स्टेशन के पास एक शोरूम में काम करती थी और पश्चिमी दिल्ली में अपने परिवार के साथ रहती थी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी शबनम का जानकार था और पहले दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी। हालांकि, पिछले कुछ महीनों से उनके रिश्तों में खटास आ गई थी। जांच अधिकारियों का मानना है कि इसी तनाव के चलते आरोपी ने इस जानलेवा हमले को अंजाम दिया।

इसे भी पढ़ें: बिना आईडी देखे नाबालिग को दिया कमरा, फिर हुई दरिंदगी! प्रशासन ने अब होमस्टे पर जड़ा ताला

वारदात की शाम क्या हुआ था

पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम जब शबनम की शिफ्ट खत्म होने वाली थी, तभी आरोपी शोरूम पहुंचा। आरोप है कि वह शबनम को शोरूम के ट्रायल रूम के अंदर ले गया और वहां किसी धारदार हथियार से उसका गला रेतकर मौके से फरार हो गया।

चश्मदीद महिला ने बताया कैसे मिली लाश

शबनम को जानने वाली एक महिला ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि कैसे इस हत्याकांड का पता चला। महिला ने कहा, "वह लड़की पहले मेरे पास काम करती थी और अब ठीक सामने वाली दुकान पर काम करने लगी थी। शाम करीब 6 बजकर 45 मिनट पर मैंने उसे अपनी दुकान से देखा था, वह बैठकर फोन चला रही थी। करीब साढ़े 7 बजे मुझे उसके मालिक का फोन आया। उन्होंने कहा कि शबनम दुकान में नहीं दिख रही है, कोई आदमी आकर उसके साथ काफी मारपीट करके गया है और वह दुकान खुली छोड़कर कहीं चली गई है, जाकर देखो क्या हुआ है।"

महिला ने आगे बताया कि पहले देखने पर कुछ पता नहीं चला, जिसके बाद मालिक ने दो पड़ोसियों को भेजकर रात करीब 8 बजे दुकान बंद करवा दी। महिला के मुताबिक, "रात करीब साढ़े 8 बजे वे लोग मेरे पास वापस आए और बोले कि सीसीटीवी फुटेज में सिर्फ एक आदमी बाहर निकलता दिखा है, शबनम बाहर नहीं गई, वह जरूर अंदर ही है। हम वीडियो बनाते हुए अंदर गए। पहले तो कुछ नहीं दिखा, लेकिन जब मेरी नजर सबसे पीछे बने ट्रायल रूम की तरफ गई, तो वहां जमीन पर उसकी चुन्नी पड़ी थी और अंदर से खून बहकर बाहर आ रहा था।"

इसे भी पढ़ें: Rajnath Singh ने वर्चुअली रक्षा सम्मेलन को किया संबोधित, स्वदेशी हथियारों की गुणवत्ता पर दिया जोर

पुलिस और परिवार को दी गई सूचना

ट्रायल रूम का मंजर देखते ही सबके होश उड़ गए। चश्मदीद महिला ने बताया, "हमने तुरंत पुलिस को फोन किया और शबनम के माता-पिता को खबर दी। उसका गला रेता हुआ था और वह जमीन पर पड़ी थी, चारों तरफ खून ही खून फैला हुआ था।" फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़