Airtel को टेक कंपनी बनाएंगे Sunil Mittal, ARPU 350 रुपये करने की वकालत

भारती समूह के 50 साल पूरे होने पर सुनील मित्तल ने एयरटेल को टेलीकॉम से आगे बढ़ाकर एआई, क्लाउड और सैटेलाइट आधारित प्रौद्योगिकी कंपनी बनाने की योजना साझा की है। उन्होंने भारत में टेलीकॉम सेवाओं का एआरपीयू बढ़ाकर 350 रुपये करने की जरूरत बताई ताकि नेटवर्क विस्तार और नई तकनीक में जरूरी निवेश जारी रह सके।
(अम्मार जैदी)
नयी दिल्ली, 15 नवंबर लुधियाना में 1976 में जब महज 18 साल की उम्र में सुनील भारती मित्तल ने साइकिल के कलपुर्जे बनाने की एक छोटी-सी इकाई शुरू की थी, तब शायद ही किसी ने सोचा होगा कि एक दिन यही युवा उद्यमी दुनिया की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनियों में शामिल भारती एयरटेल का नेतृत्व करेगा। साइकिल के क्रैंकशाफ्ट से शुरू हुआ यह सफर आज मोबाइल नेटवर्क, समुद्र के भीतर बिछी संचार केबल, कृत्रिम मेधा (एआई), क्लाउड कंप्यूटिंग और सैटेलाइट संचार तक पहुंच चुका है। भारती समूह अपनी स्थापना के 50 साल पूरे कर रहा है और इस मौके पर मित्तल की नजर कारोबार के एक नए दौर पर है। उनका लक्ष्य एयरटेल को महज दूरसंचार सेवा देने वाली कंपनी से आगे बढ़ाकर एक ऐसी प्रौद्योगिकी कंपनी बनाना है, जिसके केंद्र में संपर्क हो और जिसका विस्तार कृत्रिम मेधा, डिजिटल वित्तीय सेवाओं, सॉवरेन क्लाउड और सैटेलाइट संचार तक हो। हालांकि, इस भविष्य की तस्वीर के साथ मित्तल का एक स्पष्ट संदेश भी है। उनका मानना है कि भारत में मोबाइल सेवाओं की कीमतें बढ़नी चाहिए, दूरसंचार कंपनियों की आर्थिक स्थिति मजबूत होनी चाहिए और डिजिटल अर्थव्यवस्था की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए नेटवर्क और बुनियादी ढांचे में बड़े पैमाने पर निवेश होना चाहिए। मित्तल के मुताबिक, भारत में मोबाइल सेवाओं से प्रति ग्राहक औसत कमाई यानी एआरपीयू बढ़कर करीब 350 रुपये प्रतिमाह होना चाहिए। लगभग एक दशक पहले उन्होंने 300 रुपये का लक्ष्य रखा था, लेकिन अब बढ़ती परिचालन लागत और नेटवर्क विस्तार की जरूरतों को देखते हुए उनका मानना है कि 350 रुपये उचित स्तर है। मित्तल ने पीटीआई-भाषा के साथ साक्षात्कार में कहा, हर चीज महंगी हो गई है। इसलिए हमारे उद्योग के लिए 350 रुपये सही एआरपीयू होगा। उन्होंने मोबाइल सेवाओं की कीमत की तुलना रोजमर्रा की चीजों से करते हुए कहा कि साबुन, चिप्स और पेप्सी जैसी वस्तुओं की कीमतों में काफी अंतर है। इसके बावजूद मोबाइल सेवाएं लोगों को केवल कॉल और इंटरनेट ही नहीं देतीं, बल्कि बैंकिंग, शिक्षा, स्वास्थ्य रिकॉर्ड, सरकारी योजनाओं का लाभ, यूपीआई भुगतान और मनोरंजन जैसी सुविधाओं तक पहुंच भी उपलब्ध कराती हैं। मित्तल के अनुसार, प्रतिदिन 10 से 12 रुपये खर्च करके मिलने वाली इन सुविधाओं को महंगा या गैर-वाजिब नहीं कहा जा सकता। एयरटेल का सितंबर तिमाही में मोबाइल एआरपीयू 271 रुपये रहा, जो एक साल पहले 256 रुपये था। ऐसे में मित्तल के प्रस्तावित 350 रुपये के स्तर तक पहुंचने के लिए इसमें करीब 29 प्रतिशत की वृद्धि करनी होगी। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह लक्ष्य कब तक हासिल हो सकता है। मित्तल की कारोबारी यात्रा की शुरुआत किसी बड़े निवेश या महत्वाकांक्षी योजना से नहीं, बल्कि लुधियाना में साइकिल के पुर्जे बनाने से हुई थी। उन्होंने बताया कि उस समय उनका उद्देश्य अपना कारोबार खड़ा करना, आजीविका कमाना और भविष्य के सपनों को पूरा करने के लिए पूंजी जुटाना था। साइकिल के पुर्जों के बाद उन्होंने होजरी और स्टेनलेस स्टील शीट के कारोबार में हाथ आजमाया। इसके बाद आयात और व्यापार की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने पोर्टेबल जनरेटर, पुश-बटन टेलीफोन, कॉर्डलेस फोन, आंसरिंग मशीन और फैक्स मशीन जैसे उत्पाद भारत में पेश किए। उस समय ये उत्पाद भारतीय उपभोक्ताओं के लिए नए थे और इनकी मांग तेजी से बढ़ रही थी। लेकिन कारोबार की शुरुआती सफलता ने उन्हें यह भी सिखाया कि भारत में नीतिगत बदलाव किसी भी कारोबार की दिशा बदल सकते हैं। पोर्टेबल जनरेटर का उनका कारोबार काफी मुनाफे में था, लेकिन सरकार की आयात नीति में बदलाव के बाद यह लगभग रातोंरात खत्म हो गया। मित्तल ने कहा कि जनरेटर का कारोबार कई वर्षों तक बेहद सफल रहा, लेकिन नीतिगत बदलाव ने उसे अचानक समाप्त कर दिया। टेलीफोन उपकरणों के कारोबार से जुड़े रहने के कारण उनकी नजर मोबाइल संचार की संभावनाओं पर थी। ब्रिटेन और फ्रांस जैसे देशों में मोबाइल सेवाओं का विकास देखकर उन्हें भरोसा हो गया था कि भारत में भी यह प्रौद्योगिकी एक दिन आम लोगों तक पहुंचेगी। उस समय मोबाइल फोन महंगे थे और आम उपभोक्ता की पहुंच से बाहर माने जाते थे। भारती ने 1995 में दिल्ली में एयरटेल की मोबाइल सेवाएं शुरू कीं। उस समय एक सर्वेक्षण में अनुमान लगाया गया था कि अगले 10 साल में दिल्ली में मोबाइल ग्राहकों की संख्या केवल 10 हजार तक पहुंचेगी। मित्तल को इस अनुमान पर भरोसा नहीं था। एयरटेल ने पहले ही साल में यह आंकड़ा पार कर लिया। हालांकि, उन्हें भी अंदाजा नहीं था कि मोबाइल फोन एक दिन लोगों की जिंदगी का इतना अहम हिस्सा बन जाएगा। उस दौर में एयरटेल का नारा था- पावर टू कीप इन टच। मोबाइल पर एसएमएस की सुविधा तक उपलब्ध नहीं थी। एयरटेल की सफलता में एक बड़ा योगदान उन बाजारों में समय रहते पहुंचने का भी रहा, जहां दूसरे परिचालक निवेश करने से हिचक रहे थे। मित्तल ने छोटे शहरों, ग्रामीण इलाकों और पूर्वोत्तर के मुश्किल बाजारों में नेटवर्क विस्तार का फैसला किया। बिहार, ओडिशा, असम और पूर्वोत्तर के कई क्षेत्रों में कंपनी ने उस समय निवेश किया, जब वहां ग्राहकों की संख्या और व्यावसायिक संभावनाओं को लेकर सवाल उठ रहे थे। मित्तल के अनुसार, उस समय हचिसन के तत्कालीन प्रमुख हाशिम घोष ने उन्हें सलाह दी थी कि छोटे बाजारों में जाना बड़ी गलती होगी, क्योंकि वहां पर्याप्त मांग नहीं मिलेगी। लेकिन मित्तल ने अपना फैसला नहीं बदला। कंपनी के विस्तार के दौरान एक और महत्वपूर्ण फैसला नेटवर्क और आईटी परिचालन को आउटसोर्स करने का था। जब एयरटेल के ग्राहकों की संख्या 40-50 लाख के आसपास थी और कंपनी इसे बढ़ाकर तीन से साढ़े तीन करोड़ तक ले जाना चाहती थी, तब पूरे नेटवर्क का प्रबंधन अपने स्तर पर करना मुश्किल दिखाई दे रहा था। भारती के वाइस चेयरमैन अखिल गुप्ता ने नेटवर्क और आईटी परिचालन विशेषज्ञ कंपनियों को सौंपने का सुझाव दिया। शुरुआत में इसका विरोध हुआ, लेकिन मित्तल ने इस मॉडल का समर्थन किया। मित्तल के अनुसार, यह मॉडल बाद में हार्वर्ड बिजनेस स्कूल के ‘केस स्टडी’ का हिस्सा बना और दुनिया की कई दूरसंचार कंपनियों ने भी इसे अपनाया। हालांकि, एयरटेल का सफर हमेशा आसान नहीं रहा। मित्तल ने वर्ष 2002, 2009 और 2016 को कंपनी के तीन सबसे कठिन दौर बताया है और इन्हें भारती के महाभारत की संज्ञा दी है। विशेष रूप से 2016 में रिलायंस जियो के बाजार में प्रवेश ने दूरसंचार उद्योग की तस्वीर बदल दी। मुफ्त सेवाओं और बेहद आक्रामक कीमतों के कारण बाजार में प्रतिस्पर्धा तेज हो गई। कई कंपनियां कारोबार से बाहर हो गईं या उनका विलय हो गया। इस दौर में एयरटेल को भी ग्राहकों को बनाए रखने और नेटवर्क में निवेश जारी रखने की चुनौती का सामना करना पड़ा। मित्तल ने इस संकट से उबरने का श्रेय कंपनी के कर्मचारियों को दिया। उनका कहना था कि एयरटेल की असली ताकत उसकी प्रौद्योगिकी या बही-खाता नहीं, बल्कि उसके लोग थे। मित्तल का मानना है कि भारत में एक दर्जन से अधिक दूरसंचार कंपनियों का दौर उद्योग के लिए नुकसानदेह था। उनके मुताबिक, अत्यधिक प्रतिस्पर्धा ने कंपनियों की आर्थिक स्थिति कमजोर की, स्पेक्ट्रम का बंटवारा किया और नेटवर्क में निवेश की क्षमता घटाई। उनका मानना है कि भारत में तीन निजी दूरसंचार कंपनियों और सरकारी कंपनी बीएसएनएल का होना पर्याप्त है। यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब वोडाफोन आइडिया वित्तीय चुनौतियों से जूझ रही है और बीएसएनएल अपने नेटवर्क तथा बाजार में स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है। मित्तल की एक बड़ी चिंता यह भी है कि डिजिटल अर्थव्यवस्था में सबसे अधिक निवेश करने के बावजूद दूरसंचार कंपनियों को उसके अनुपात में आर्थिक लाभ नहीं मिलता। टावर, फाइबर, स्पेक्ट्रम और नेटवर्क पर भारी पूंजी लगाने वाली कंपनियों के मुकाबले गूगल, फेसबुक और नेटफ्लिक्स जैसे डिजिटल मंच कहीं अधिक ऊंचे मूल्यांकन हासिल करते हैं। उनका कहना है कि नेटवर्क बनाने और उसे चलाने की जिम्मेदारी दूरसंचार कंपनियों की है, लेकिन इंटरनेट पर होने वाली गतिविधियों से पैदा होने वाले व्यावसायिक मूल्य का बड़ा हिस्सा दूसरी कंपनियां हासिल कर लेती हैं। उन्होंने रिलायंस जियो की हालिया सूचीबद्धता का स्वागत करते हुए कहा कि इससे दूरसंचार क्षेत्र पर निवेशकों और विश्लेषकों का ध्यान बढ़ेगा। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका एयरटेल के मूल्यांकन पर सीधा असर नहीं है। हालांकि, उनका कहना है कि दुनिया भर में दूरसंचार कंपनियों को 5जी से जिस तरह के नए राजस्व स्रोतों की उम्मीद थी, वे अभी तक विकसित नहीं हो पाए हैं। अब उनकी नजर 6जी और सेंसिंग नेटवर्क जैसी प्रौद्योगिकी पर है, जिनका विकास अगले तीन से पांच साल में तेजी पकड़ सकता है। आने वाले समय में स्मार्ट चश्मे, अंगूठियां, घड़ियां और ईयरबड्स जैसे उपकरण स्मार्टफोन के कई काम कर सकेंगे। इसी बदलाव को ध्यान में रखते हुए मित्तल एयरटेल को एक व्यापक प्रौद्योगिकी कंपनी के रूप में विकसित करना चाहते हैं। इस योजना में डिजिटल वित्तीय सेवाएं, सॉवरेन क्लाउड, एआई कंप्यूटिंग, घरों तक फाइबर कनेक्शन और दूरदराज के इलाकों के लिए सैटेलाइट सेवाएं शामिल हैं। मित्तल का मानना है कि भारत एआई, बड़े भाषा मॉडल, क्वांटम कंप्यूटिंग और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में बड़ी क्षमता रखता है। लेकिन इस महत्वाकांक्षा को पूरा करने के लिए देश को अपने डिजिटल बुनियादी ढांचे का बड़े पैमाने पर विस्तार करना होगा। मित्तल के अनुसार, भारत में करीब 3.5 लाख मोबाइल टावर हैं, जबकि चीन में इनकी संख्या 10 लाख से अधिक है। उनका मानना है कि भारत को कम से कम अपने टावर की संख्या दोगुनी करनी चाहिए। इसके अलावा फाइबर नेटवर्क, समुद्र के भीतर संचार केबल, सैटेलाइट और एआई डेटा केंद्र में भी बड़े निवेश की जरूरत होगी। सैटेलाइट संचार इस रणनीति का एक और महत्वपूर्ण हिस्सा है। भारती समूह ने लो-अर्थ ऑर्बिट सैटेलाइट नेटवर्क संचालित करने वाली यूटेलसैट वनवेब में निवेश किया है। इस नेटवर्क का उद्देश्य उन गांवों, पहाड़ी क्षेत्रों, जंगल, जहाज और विमानों तक इंटरनेट पहुंचाना है, जहां पारंपरिक मोबाइल नेटवर्क या फाइबर बिछाना आर्थिक रूप से संभव नहीं है। उनका मानना है कि सैटेलाइट संचार मोबाइल और फाइबर नेटवर्क का विकल्प नहीं, बल्कि उनका पूरक है। जहां फाइबर उपलब्ध है, वहां रेडियो नेटवर्क उसकी बराबरी नहीं कर सकता और जहां रेडियो नेटवर्क पहुंचता है, वहां सैटेलाइट की प्रतिस्पर्धा सीमित रहती है। उनके अनुसार, भारत को कई सैटेलाइट सेवा प्रदाताओं की जरूरत है। साथ ही देश में आने वाले उपकरणों और प्रणालियों की निगरानी तथा डेटा के प्रवाह पर राष्ट्रीय नियंत्रण भी जरूरी है। मित्तल ने बताया कि वनवेब की सेवाएं चालू हैं और कंपनी देश में व्यावसायिक परिचालन के विस्तार के लिए सरकार की अंतिम मंजूरी का इंतजार कर रही है। अपने पांच दशक लंबे कारोबारी सफर में मित्तल ने कई ऐसे कारोबार भी छोड़े, जिन्हें कभी भारती समूह की भविष्य की संभावनाओं के रूप में देखा गया था। इनमें वॉलमार्ट के साथ आधुनिक खुदरा कारोबार और बीमा क्षेत्र में साझेदारियां शामिल हैं। भारती ने अपना सामान्य बीमा कारोबार आईसीआईसीआई लोम्बार्ड को बेच दिया, जबकि जीवन बीमा कारोबार में प्रूडेंशियल को साझेदार बनाया जा रहा है। जब मित्तल से पूछा गया कि क्या उन्हें इन कारोबारों से बाहर निकलने का कोई पछतावा है, तो उनका जवाब था, ‘‘कोई पछतावा नहीं है। हम अपनी दूरसंचार कहानी बनाने में बहुत व्यस्त थे।’’
अन्य न्यूज़














