MP में CM Mohan Yadav ने बांटे 954 अनुकंपा नियुक्ति पत्र, 200 नए सांदीपनि विद्यालय भवनों को भी मिली मंजूरी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्कूल शिक्षा विभाग के 954 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने जनजातीय क्षेत्रों में 200 नए सांदीपनि विद्यालय भवनों और शिक्षा विभाग के तहत 200 अन्य स्कूल भवनों के निर्माण की घोषणा की।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को स्कूल शिक्षा विभाग में अनुकंपा नियुक्ति के तहत चयनित 954 लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपे। यादव ने विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जनजातीय बहुल क्षेत्रों में 200 नए सांदीपनि विद्यालयों के भवनों के निर्माण को मंजूरी दिए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन भवनों का निर्माण जनजातीय कार्य विभाग के तहत किया जाएगा और इसके अलावा, स्कूल शिक्षा विभाग के तहत भी 200 नए विद्यालय भवन बनाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने अनुकंपा नियुक्ति के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि किसी सरकारी कर्मचारी की असमय मृत्यु से उसके परिवार की आय पर गंभीर असर पड़ता है और राज्य सरकार ऐसे कर्मचारियों के परिजनों को अपने परिवार का हिस्सा मानती है। यादव ने कहा, ‘‘आज स्कूल शिक्षा विभाग ने 954 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की है। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया गया है।

यह सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।’’ उन्होंने कहा कि सरकार ने त्योहारों के दौरान अनुकंपा नियुक्ति को प्राथमिकता दी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि बुधवार को नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वालों में सहायक ग्रेड-तीन के 661, प्राथमिक शिक्षक के 31 और चतुर्थ श्रेणी के 262 कर्मचारी शामिल हैं। यादव ने कहा कि वर्ष 2002-03 तक स्कूल शिक्षा का बजट 400 करोड़ रुपये से कम था, जो अब बढ़कर 38,000 करोड़ रुपये हो गया है।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों में आधुनिक प्रयोगशालाओं और खेल सुविधाओं सहित उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़