Mumbai Police ने 27 वर्षीय Bangladeshi woman को किया गिरफ्तार, एक महीने पहले हुई थी निर्वासित

मुंबई की गामदेवी पुलिस ने गिरगांव चौपाटी के पास से नादिरा सुल्ताना नाम की 27 वर्षीय बांग्लादेशी नागरिक को बिना वैध दस्तावेजों के रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी महिला को पिछले ही महीने भारत से बांग्लादेश निर्वासित किया गया था, जिसके बाद वह गैरकानूनी तरीके से दोबारा देश में दाखिल हो गई। पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि उसने सीमा कैसे पार की और इस अवैध प्रवेश में उसकी मदद किसने की थी।
मुंबई पुलिस ने 27 वर्षीय एक बांग्लादेशी महिला को अवैध रूप से भारत में दोबारा प्रवेश करने और वैध यात्रा दस्तावेजों के बिना शहर में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। गामदेवी पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, आरोपी महिला की पहचान नादिरा सुल्ताना के रूप में हुई है।
वह अवैध रास्ते से भारत में दाखिल होने के बाद आवश्यक दस्तावेजों के बिना यहां रह रही थी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने भारत में दोबारा प्रवेश कैसे किया और क्या किसी ने उसकी मदद की थी। अधिकारी ने सोमवार को बताया कि शनिवार को पुलिस को गिरगांव चौपाटी से सटे फुटपाथ क्षेत्र में एक संदिग्ध बांग्लादेशी महिला के घूमने की सूचना मिली।
उन्होंने कहा कि पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में महिला कथित तौर पर अपनी पहचान और पते के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी। उसके जवाब संदिग्ध पाए जाने पर उसे पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। जांच के दौरान पता चला कि उसके पास भारत में रहने की अनुमति देने वाले वैध दस्तावेज नहीं थे।
इसके बाद उसके दस्तावेजों और पुराने रिकॉर्ड की जांच की गई। पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया कि सुल्ताना को पिछले महीने ही भारत से बांग्लादेश निर्वासित किया गया था। आरोप है कि निर्वासन के बाद वह अवैध रास्ते से दोबारा भारत में दाखिल हुई और बाद में मुंबई पहुंची।
अधिकारी के अनुसार, संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। महिला से फिलहाल पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
अन्य न्यूज़













