Muzaffarnagar में Police Encounter के बाद दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार, एक को लगी गोली

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पुलिस ने 17 वर्षीय नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में मुख्य आरोपी नाजिम और उसके साथी डॉ. आदिल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान पैर में गोली लगने से नाजिम घायल हो गया, जिसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद कर मजिस्ट्रेट के समक्ष उसका बयान दर्ज कराया है।
मुजफ्फरनगर जिले की पुलिस ने नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दो आरोपियों को रविवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी नाजिम के पैर में गोली लगी और उसे मुजफ्फरनगर में एक क्लीनिक के संचालक डॉ. आदिल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार ने रविवार को कहा कि पुलिस ने नाजिम और आदिल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 ए (दुष्कर्म), 70 (सामूहिक दुष्कर्म) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोप है कि 18 अगस्त को कोतवाली थाना इलाके में आरोपियों ने 17 साल की नाबालिग लड़की का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने दुष्कर्म पीड़िता लड़की को बरामद करके मजिस्ट्रेट के सामने उसका बयान दर्ज कराया।
इस बीच, हिंदू कार्यकर्ताओं ने इस घटना पर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उत्तर प्रदेश के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अन्य न्यूज़













