Gujarat में नेतृत्व परिवर्तन की भ्रामक पोस्ट पर FIR, पत्रकार पवन त्यागी पर केस

अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने गुजरात सरकार में नेतृत्व परिवर्तन की झूठी जानकारी सोशल मीडिया पर फैलाने के आरोप में पत्रकार पवन त्यागी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने दावा किया था कि हर्ष संघवी को नया मुख्यमंत्री और भूपेंद्र पटेल को राज्यपाल बनाया जाएगा। इस मामले में पुलिस ने बीएनएस और आईटी कानून की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
अहमदाबाद अपराध शाखा ने गुजरात में नेतृत्व परिवर्तन का संकेत देने वाली झूठी और भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर कथित तौर पर पोस्ट करने के आरोप में एक पत्रकार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, इस पोस्ट का उद्देश्य मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी की प्रतिष्ठा तथा मुख्यमंत्री के संवैधानिक पद को नुकसान पहुंचाना था। अपराध शाखा की ओर से शनिवार को जारी बयान के अनुसार, खुद को प्यारा हिंदुस्तान न्यूज नेटवर्क और द न्यूज एक्सक्लूसिव मंच का कार्यकारी संपादक बताने वाले पवन त्यागी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
त्यागी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कथित तौर पर लिखा था, ‘‘बड़ी ब्रेकिंग खबर: गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी को गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया जाएगा और मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल को राज्यपाल बनाया जाएगा।’’ पुलिस ने बताया कि यह कथित फर्जी और मनगढ़ंत पोस्ट सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई, जिसके बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 336(4), 353(1) और 61(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज किया गया।
अन्य न्यूज़













