वरिष्ठ नेता कांग्रेस छोड़ रहे हैं क्योंकि वह ‘पारिवारिक पार्टी’ बन गयी है : नड्डा

Nadda
प्रतिरूप फोटो
ANI

भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस से 40-50 वर्ष से जुड़े वरिष्ठ नेता पार्टी छोड़कर जा रहे हैं क्योंकि वह एक ‘‘पारिवारिक पार्टी’’ बन गयी है। नड्डा ने दावा किया कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कमजोर हो रही है क्योंकि उसने क्षेत्रीय आकांक्षाओं को राष्ट्रीय आकांक्षाओं तथा प्रतिबद्धताओं से नहीं जोड़ा है।

गुवाहाटी, 30 अगस्त।  भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस से 40-50 वर्ष से जुड़े वरिष्ठ नेता पार्टी छोड़कर जा रहे हैं क्योंकि वह एक ‘‘पारिवारिक पार्टी’’ बन गयी है। नड्डा ने दावा किया कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कमजोर हो रही है क्योंकि उसने क्षेत्रीय आकांक्षाओं को राष्ट्रीय आकांक्षाओं तथा प्रतिबद्धताओं से नहीं जोड़ा है। कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले गुलाम नबी आजादी का नाम लिए बगैर नड्डा ने कहा, ‘‘40-50 साल से जुड़े वरिष्ठ नेता पार्टी छोड़ रहे हैं। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि उन्हें पता चल गया है कि कांग्रेस न तो अब एक राष्ट्रीय पार्टी है और न ही क्षेत्रीय पार्टी है।

यह एक पारिवारिक पार्टी बन गयी है।’’ उन्होंने कई क्षेत्रीय पार्टियों के नाम गिनाए और दावा किया कि ये भी ‘‘पारिवारिक पार्टियां’’ बन गयी हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस एक बड़ी पार्टी थी लेकिन अब वह कमजोर हो रही है क्योंकि उसने क्षेत्रीय आकांक्षाओं का राष्ट्रीय आकांक्षाओं तथा प्रतिबद्धताओं से तालमेल नहीं बिठाया।’’ उन्होंने कई राज्यों के उदाहरण दिए, जहां कांग्रेस ने दशकों तक शासन किया लेकिन अब उसकी वहां मजबूत मौजूदगी नहीं है। नड्डा ने यहां भाजपा के पूर्वोत्तर कार्यालय का उद्घाटन करते हुए पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा, ‘‘भाजपा को कोई परिवार नहीं चलाता है, यह विचारधारा पर चलती है।

इसलिए कोई उसे रोक नहीं सकता है।’’ भाजपा के इस कार्यालय का पुनर्निर्माण कराया गया है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का नाम लिए बगैर सवाल किया कि उन्होंने 10 साल तक असम से सांसद रहने के बावजूद राज्य के लिए क्या किया और कितनी बार राज्य का दौरा किया। उनके अलावा असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह तथा त्रिपुरा के उनके समकक्ष माणिक साहा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इससे पहले दिन में, नड्डा के त्रिपुरा से यहां गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री शर्मा और अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। नड्डा ने गुवाहाटी में नीलाचल पहाड़ी के ऊपर स्थित शक्ति पीठ मंदिर में देवी कामाख्या की पूजा अर्चना कर उनसे आशीर्वाद लिया और अपने दौरे की शुरुआत की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़