Nagpur में Instagram पर बंधक बनाई गई नाबालिग बची, आरोपी निर्भय पाखरे गिरफ्तार

नागपुर के दिघोरी इलाके में किराए के मकान में बंधक बनाकर रखी गई 16 वर्षीय लड़की को पुलिस ने सोमवार रात को छुड़ाकर ठाणे निवासी आरोपी निर्भय पाखरे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पिछले साल इंस्टाग्राम पर फर्जी प्रोफाइल के जरिए पीड़िता से दोस्ती की थी और बाद में निजी तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल कर उसका यौन उत्पीड़न किया। हुडकेश्वर थाना पुलिस ने तकनीकी इनपुट के आधार पर पीड़िता का पता लगाया और आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम तथा अपहरण के तहत मामला दर्ज किया है।
नागपुर, पांच अगस्त नागपुर में किराए के एक मकान में 16 वर्षीय एक लड़की को कथित तौर पर बंधक बना कर रखने और उसका बार-बार यौन उत्पीड़न करने के आरोप में ठाणे के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी और कहा कि सोशिल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर पीड़िता की आरोपी से दोस्ती हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने सोमवार रात करीब 11 बजे शहर के दिघोरी इलाके में स्थित मकान से पीड़िता को बचाया गया तथा मौके से आरोपी निर्भय पाखरे को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि नाबालिग लड़की नागपुर की रहने वाली है और वह दो अगस्त को लापता हो गई थी, जिसके बाद उसके परिजनों ने हुडकेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तकनीकी जानकारी के आधार पर लड़की का पता लगाया। अधिकारी ने बताया कि लड़की बिस्तर पर पड़ी थी और उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे।
उन्होंने बताया कि आरोपी हाथ में बेल्ट लिए उसके पास ही खड़ा था, जबकि बिस्तर के पास से एक चाकू भी मिला। अधिकारी ने बताया कि पीड़िता के शरीर पर चोट के कई निशान थे और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, पाखरे ने पिछले साल आकाश मेहरा के नाम से इंस्टाग्राम पर एक फर्जी प्रोफाइल बनाया था और इसी के जरिए उसने लड़की से दोस्ती की और फिर दोनों की बातचीत होने लगी।
पुलिस ने बताया कि लड़की ने अपनी कुछ निजी तस्वीरें भी उसके साथ साझा की थीं। पुलिस के अनुसार, आरोपी इन तस्वीरों को इंटरनेट पर प्रसारित करने की धमकी देकर लड़की को ब्लैकमेल करने लगा। इस भय से लड़की कथित तौर पर आरोपी से मिलती रही।
आरोपी ने एक होटल में कथित तौर पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया। अधिकारी ने बताया कि पाखरे के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और अपहरण के आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच के हिस्से के रूप में पाखरे के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच कर रही है।
अन्य न्यूज़













