Nana Patekar ने UP Police के काम को बताया कठिन, कहा- पुलिस की जिम्मेदारी बहुत बड़ी है

लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस के गीत ‘खाकी का सितारा’ के विमोचन कार्यक्रम में अभिनेता नाना पाटेकर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पर्दे पर पुलिस का रोल निभाने वाले कलाकारों के पास रीटेक का विकल्प होता है, लेकिन असली पुलिसकर्मियों के पास गलती सुधारने का कोई दूसरा मौका नहीं होता।
पद्मश्री से सम्मानित अभिनेता नाना पाटेकर ने शुक्रवार को कहा कि पुलिस का काम बेहद कठिन होता है और लोगों को उनसे बहुत उम्मीदें होती हैं, लेकिन ये अपेक्षाएं पुलिस बल पर जनता के भरोसे को भी दर्शाती हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस के गीत ‘खाकी का सितारा’ को जारी करने के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए नाना पाटेकर ने कहा कि फिल्मों में पुलिसकर्मी की भूमिका निभाने वाले कलाकारों के विपरीत वास्तविक सुरक्षा कर्मियों के पास गलती सुधारने का कोई दूसरा मौका नहीं होता। उन्होंने कहा, ‘‘हम कलाकार पर्दे पर पुलिस की भूमिका निभाते हैं, लेकिन असली पुलिसकर्मी के पास कोई ‘रीटेक’ नहीं होता।’’ नाना पाटेकर ने कहा, ‘‘आपके सामने परिस्थितियां आती हैं और आपको उसी समय फैसला लेना होता है।
गलती की कोई गुंजाइश नहीं होती और अगर ऐसा होता है तो उसके बाद क्या होता है, यह आप जानते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘पुलिस की जिम्मेदारी बहुत बड़ी होती है। मैं आप सभी से एक बात कहना चाहता हूं-आपका काम बेहद कठिन है। लोगों को आपसे बहुत उम्मीदें होती हैं, लेकिन इन उम्मीदों के पीछे उनका भरोसा भी छिपा होता है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि आप हमेशा इस भरोसे को बनाए रखेंगे।
अन्य न्यूज़














