नवी मुंबई में 19 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी शैलेंद्र द्विवेदी Lonavala से गिरफ्तार

उलवे में सस्ते घर दिलाने के नाम पर 19 लाख रुपये की ठगी करने वाले शैलेंद्र देवप्रभाकर द्विवेदी को पुलिस ने लोनावला के होटल से पकड़ा है। आरोपी मामला दर्ज होने के बाद से फरार था और इंटरनेट मीडिया पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ मानहानिकारक सामग्री पोस्ट कर रहा था। ठाणे के अगरबत्ती कारोबारी विजय झा की शिकायत पर उसके खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
नवी मुंबई पुलिस ने 19 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। वह गिरफ्तारी से बच रहा था और सोशल मीडिया पर पुलिस के खिलाफ मानहानिकारक सामग्री पोस्ट कर रहा था। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान शैलेंद्र देवप्रभाकर द्विवेदी के रूप में हुई है, जो नये पनवेल की खांडा कॉलोनी का निवासी है। पुलिस उपायुक्त अमित काले ने बताया कि उसे बृहस्पतिवार तड़के लोनावला के एक होटल से गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने बताया कि ठाणे के अगरबत्ती कारोबारी विजय झा (42) ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
द्विवेदी पर अपनी कंपनी श्री गुरु बिल्डर्स एंड डेवलपर्स के जरिये झा और अन्य लोगों से 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। उसने नवी मुंबई के उलवे में कम कीमत पर आवासीय कमरे उपलब्ध कराने का वादा किया था। शिकायत के आधार पर सात अक्टूबर को उलवे पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) (आपराधिक विश्वासघात) और 318(4) (धोखाधड़ी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
डीसीपी काले ने कहा, मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार था और सोशल मीडिया पर खुलेआम पुलिस को चुनौती दे रहा था। अधिकारी ने कहा, ‘‘उसने एक्स और अन्य सोशल मीडिया मंचों पर नवी मुंबई पुलिस के अधिकारियों को बदनाम करने के इरादे से झूठी पोस्ट डाली थीं। तकनीकी जानकारी के आधार पर उलवे पुलिस की एक टीम ने उसका पता लगाकर लोनावला के एक होटल से उसे गिरफ्तार कर लिया।’’ डीसीपी ने बताया कि द्विवेदी के खिलाफ नवी मुंबई और ठाणे में जबरन वसूली, अवैध रूप से हथियार रखने, सरकारी कर्मचारियों के काम में बाधा डालने, गंभीर चोट पहुंचाने और धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोपों सहित कई मामले दर्ज हैं।
उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अन्य न्यूज़













