लखीमपुर में भूख हड़ताल पर बैठे नवजोत सिंह सिद्धू, कहा- मंत्री के बेटे की गिरफ्तारी तक जारी रहेगा अनशन

Navjot Singh Sidhu
अंकित सिंह । Oct 8 2021 7:18PM

सिद्धू मृतक किसान लवप्रीत के घर भी पहुंचे थे। इसके साथ ही वह पत्रकार रमन कश्यप के भी घर गए। वहीं, अब नवजोत सिंह सिद्धू भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं।

लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा को लेकर राजनीति लगातार जारी है। खासकर कांग्रेस सरकार पर जमकर हमलावर है। इन सबके बीच आज लखीमपुर खीरी में पीड़ित परिवारों से नवजोत सिंह सिद्धू ने मुलाकात की। सिद्धू मृतक किसान लवप्रीत के घर भी पहुंचे थे। इसके साथ ही वह पत्रकार रमन कश्यप के भी घर गए। वहीं, अब नवजोत सिंह सिद्धू भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि जब तक मिश्रा जी(अजय मिश्रा टेनी) के बेटे आशीष के ऊपर कार्रवाई नहीं होती, वो जांच में शामिल नहीं होता, मैं यहां भूख हड़ताल पर बैठूंगा। इसके बाद मैं मौन हूं कोई बात नहीं करूंगा।

सिद्धू के साथ पंजाब सरकार में मंत्री विजयेंद्र सिंगला, पंजाब कांग्रेस के अनुसूचित जाति विंग के प्रधान विधायक राजकुमार चब्बेवाल के अलावा वर्किंग प्रेसिडेंट कुलजीत नागरा और विधायक मदन जलालपुर भी गए थे। सिद्धू ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि लखीमपुर खीरी की घटना इंसाफ और लोकतंत्र का कत्ल करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार इंसाफ चाहता है। उसे पैसे नहीं चाहिए। साथ ही उन्होंने सवाल किया कि आखिर मंत्री के बेटे को गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि अगर रखवाले ही जुल्म करने लगे तो फिर गरीब आदमी किसके दरवाजे पर जायेगा। 

इसे भी पढ़ें: मुख्यमंत्री नहीं बन पाने पर सिद्धू बौखलाए, बोले- साल 2022 में चन्नी कांग्रेस को डुबो देगा

इससे पहले नवजोत सिंह सिद्धू सहित पंजाब कांग्रेस के कई नेताओं को बृहस्पतिवार को लखीमपुर खीरी जाने से रोककर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के एक पुलिस स्टेशन में हिरासत में ले लिया गया था। सिद्धू के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों को हरियाणा-उत्तर प्रदेश सीमा पर रोका गया, जहां यूपी पुलिस ने अवरोधक लगाए थे। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी कुछ देर के लिए सिद्धू के साथ शामिल हुए। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़